सिरसा। कालांवाली थाना क्षेत्र के हस्सू गांव में सोमवार की शाम किसान जगराज सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने बीचबचाव करने आईं उनकी पत्नी को भी गोली मारकर घायल कर दिया। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। हत्या का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की छानबीन के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
घटनाक्रम के मुताबिक सोमवार शाम जगराज सिंह ट्रैक्टर से अपने घर से खेत पर जा रहे थे। उनके पीछे ही उनकी पत्नी गुरविंद्र कौर इनोवा से जा रही थीं। असीर रोड पर स्कॉपियो सवार हमलावरों ने ट्रैक्टर सवार जगराज सिंह का रास्ता रोक लिया। हमलावरों ने किसान को ललकारते हुए उन पर निशाना साधकर गोलियां चला दी। गोली लगने से घायल जगराज सिंह के ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। असंतुलित होकर ट्रैक्टर पलट गया। गोली लगने से जगराज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान जगराज सिंह का बचाव करने आईं गुरविंद्र कौर पर भी हमलावरों ने गोली चला दी। हमले में उनकी पत्नी भी घायल हो गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।
इस घटना के बाद राहगीरों ने एंबुलेंस की सहायता से जगराज सिंह और उनकी पत्नी गुरविंद्र कौर को कालांवाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने किसान जगराज सिंह को मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत से घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही कालांवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी। पुलिस ने किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिरसा के सामान्य अस्पताल में भेज दिया। पुलिस ने कहा कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने कहा कि शव के पोस्टमार्टम के बाद ही हत्या का कारण स्पष्ट होगा।