स्कूल वैन की टक्कर से सड़क पर पड़ी क्षतिगस्त बाइक।
ऐलनाबाद । गांव मौजूखेड़ा के पास शनिवार सुबह एक स्कूल वैन ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार गांव मुसाहिबवाला निवासी कुलदीप (31) की मौत हो गई। घटना के बाद रोड पर काफी देर तक जाम लगा रहा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
घटना के बाद चालक मौके से भाग गया। जांच अधिकारी प्रगट सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक कुलदीप के पिता का बयान दर्ज कर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। समसारा पब्लिक स्कूल शेखूखेड़ा की स्कूल वैन शनिवार सुबह सवा सात बजे शेखूखेड़ा से गांव मौजूखेड़ा की ओर बच्चों को लेने के लिए जा रही थी।
स्कूल वैन पुराना मौजूखेड़ा गांव के पास पहुंची तो सामने से आ रहे बाइक से टक्कर हो गई। इससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे उपचार के लिए ऐलनाबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां पर डॉक्टर ने घायल की जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। कुलदीप मौजूखेड़ा में खेतीबाड़ी का काम करता था और सुबह वह गांव से खेतों की ओर जा रहा था।
वैन में 26 स्कूली बच्चे सवार थे
हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी अस्पताल में पहुंच गए। हादसे के समय स्कूल वैन में करीब 26 बच्चे सवार थे। स्कूल प्रबंधन के बस ऑपरेटर हरवंत सिंह ने बताया कि ड्राइवर ने बस के ब्रेक लगा दिए थे। अगर वैन स्पीड में होती तो आगे पेड़ से टकराती या बच्चों को झटका लगता। किसी को चोटें नहीं आई। बाद में हेल्पर बच्चों को दूसरी वैन से स्कूल लेकर गया।