तेल के बढ़े दामों और कृषि कानूनों के विरोध में 8 जुलाई को सुबह 10 से 12 बजे तक किसान सड़क के किनारे वाहनों को रोक आठ मिनट तक हॉर्न बजाकर सरकार का विरोध करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसानों ने सरकार का अनोखे ढंग से विरोध करने का फैसला लिया है।
बुधवार को हरियाणा किसान मंच के प्रदेशाध्यक्ष प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सुबह 10 बजे से 12 बजे तक पेट्रोल व डीजल की बढ़ी कीमतों के विरोध में सड़क के किनारे वाहन खड़े कर 8 मिनट तक हॉर्न बजाकर विरोध प्रदर्शन करेेंगे।
वहीं, महिला किसान गैस सिलिंडर लेकर अपना रोष जताएंगी। किसानों द्वारा जिला के रानियां, ओढां, ऐलनाबाद, डबवाली, चोपटा व अन्य स्थानों पर किसान विरोध प्रदर्शन करेंगे। भारूखेड़ा ने कहा कि इस प्रदर्शन से किसी प्रकार ट्रैफिक जाम नहीं होगा। किसान शांतिपूर्वक सड़क के किनारे रहकर ही प्रदर्शन करेंगे।