किसानों द्वारा छह माह से कृषि कानूनों के विरोध के तहत प्रदेश भर में रिलायंस कंपनी के शोरूम बंद कराए गए हैं। वहीं, बुधवार को शहर में किसानों को रिलायंस कंपनी का एक शोरूम खुला मिला । जिससे नाराज किसानों ने रोष प्रदर्शन करते हुए नेशनल हाईवे - 9 सिरसा-डवबाली जाने वाली रोड करीब दो घंटे तक जाम रखा। हालांकि दो घंटे बाद तहसीलदार गुरदेव सिंह के आश्वासन के बाद किसानों ने जाम हटाया। जिसके बाद इस हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।
बुधवार दोपहर 12 बजे सांगवान चौक स्थित रिलायंस शोरूम खुला होने की सूचना मिलने पर कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान प्रदर्शन करते हुए शोरूम पर पहुंच गए। रोष प्रदर्शन की अध्यक्षता भारतीय किसान एकता मंच के प्रदेश महासचिव गुरप्रीत सिंह ने की। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों ने रिलायंस शोरूम का शटर गेर दिया। किसानों ने शोरूम मैनेजर को बाहर बुलाने की मांग उठाई तो शोरूम कर्मचारियों ने मैनेजर के न होने की सूचना दी। इसके पश्चात किसानों ने नेशनल हाईवे के एक तरफ के रोड पर वाहन खड़े कर दिया और जाम लगा दिया। किसानों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल तैनात रहा। तहसीलदार गुरदेव सिंह किसानों को समझाने के लिए मौके पर पहुंचे लेकिन किसान ने अधिकारी की एक नहीं मानी। किसान शोरूम मैनेजर से बातचीत करने की जिद्द पर अड़े रहे।
तहसीलदार करीब आधे घंटे तक किसानों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास करता रहा । लेकिन किसानों ने अधिकारी को 15 मिनट का समय देकर मैनेजर को बुलाने की मांग उठाई और चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 15 मिनट में शोरूम मैनेजर मौके पर नहीं पहुंचा तो वह हाईवे की दूसरी तरफ के रोड पर भी जाम लगाऐंगे। करीब दो घंटे पश्चात तहसीलदार ने किसानों को आश्वासन दिया कि जब भी शोरूम खुला हो तो किसान उन्हें सूचना दें। जिसके पश्चात वह मौके पर पहुंचकर मैनेजर से बातचीत करेंगे। वहीं किसानों ने कहा कि अगर इसके बाद भी शोरूम खुला मिलता है तो होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी प्रशासन और शोरूम संचालक की होगी।
डायवर्जन के बाद भी जाम में फंसे वाहन
सांगवान चौक से डबवाली की तरफ जाने वाला रोड बंद होने के बाद यातायात पुलिस ने सांगवान चौक से सभी वाहनों को सकुर्लर रोड की तरफ से निकालना शुरू कर दिया। लेकिन वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण सांगवान चौक से जगदेव चौक तक वाहनों का लंबा जाम लग गया। जिसके पश्चात लालबत्ती चौक से वाहनों को बाल भवन रोड से निकालना शुरू दिया। इसके पश्चात बस स्टैंड के पास से सभी वाहनों को डायवर्ट कर बरनाला रोड की तरफ से निकालना शुरू कर दिया। करीब अढ़ाई घंटे तक शहर के सभी रोडो पर वाहन रेंगते हुए नजर आए।
किसान बोले, दोपहर बाद कर्मचारी खोल देते है शोरूम, सभी स्थानों पर है बंद
कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने रिलायंस कंपनी का बहिष्कार किया है। करीब छह माह पहले किसानों ने शोरूम को बंद करवा दिया और शोरूम मैनेजर और कर्मचारियों को कृषि कानूनों के रद् होने के बाद ही शोरूम खोलने के आदेश दिए थे। वहीं किसान नेता गुरप्रीत सिंह ने कहा कि शोरूम मैनेजर दोपहर बाद शोरूम खोल ग्राहकों को शोरूम में एंट्री दे देता है। जबकि वह पहले भी कई बार शोरूम को ताले लगवा चुके है। लेकिन इसके बाद भी संचालक मनमानी कर रहा है और उनके आंदोलन के खिलाफ जा रहा है। जिसका खामिआया शोरूम संचालक को भुगतना पड़ेगा।
किसान बोले, कृषि कानूनों की वापसी तक नहीं खुलने देंगे शोरूम
तहसीलदार ने जब किसानों को जाम खोलने के लिए कहा तो किसानों जवाब देते हुए कहा कि आप मैनेजर से बात कर शोरूम को बंद करने के आदेश दे। वहीं उन्होंने कहा कि जब तक कृषि कानूनों को सरकार वापस नहीं लेती तब तक शोरूम को वह खुलने नहीं देंगे। अगर इसके लिए उन्हें शोरूम के समक्ष दरी बिछाकर धरना भी देना पड़े तो वह पीछे नहीं हटेंगे और अनिश्चितकालीन धरना शोरूम के समक्ष लगा बैठेंगे। इस मोके पर जगजीत सिंह, गुरी, उदेय सिंह, दीपक, रमन गिल, बलजिंद्र सिंह उपस्थित रहे।