एसपी कार्यालय के समक्ष बेड पर लेटे किसान नेता प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के सिरसा में जानलेवा हमले में मुख्य हमलावरों की गिरफ्तारी न होने और पुलिस की ओर से सुरक्षा को वापस लेने के विरोध में किसान नेता प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा ने बेड पर ही एसपी ऑफिस के बाहर धरना दे दिया। इस दौरान किसानों ने सुरक्षा वापस दिए जाने और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग उठाई।
शुक्रवार को सुबह हरियाणा किसान मंच के प्रदेशाध्यक्ष प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा एंबुलेंस से सवार होकर एसपी डॉ. अर्पित जैन के कार्यालय के बाहर पहुंचे और यहां बेड पर धरना दे दिया। ऐसे में सिविल लाइन थाना प्रभारी रामनिवास भी मौके पर पहुंचे और प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा सहित उपस्थित लोगों से बातचीत की।
भारूखेड़ा ने कहा कि विवाद के चलते बीती 22 अगस्त को उन पर हमला हुआ था और पुलिस ने इस पूरे प्रकरण में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। उनके हमले को देखते हुए पुलिस ने कुछ दिनों सुरक्षा मुहैया करवाई थी लेकिन 18 को वापस ले ली।
यह भी पढ़ें : सोनीपत में विजिलेंस का एक्शन: रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथों दबोचा, प्रॉपर्टी आईडी के नाम पर मांगी थी रकम
पुलिस प्रशासन ने इसकी वजह भी नहीं बताई। भारूखेड़ा ने कहा कि शुक्रवार को हिसार के अस्पताल में उनका ऑपरेशन होना था, लेकिन परिवार के सदस्यों व उनको जान का खतरा होने के कारण उन्हें मजबूरन एसपी ऑफिस के बाहर धरना देना पड़ रहा है। हालांकि डीएसपी साधुराम के आश्वासन के बाद किसानों ने दोपहर तीन बजे के करीब धरना समाप्त कर दिया और लौट गए।
किसानों की डीएसपी से बातचीत हुई थी। जिसके बाद उन्हें आश्वासन दिया गया था कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जिसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया है और वापस चले गए है।
-रामनिवास, सिविल लाइन थाना प्रभारी, सिरसा।