गांव सावंतखेड़ा में सोमवार रात को हुआ हादसा, चालक वाहन छोड़कर भागा
फोटो 17
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। उपमंडल के गांव सावंतखेड़ा में सोमवार रात तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से 40 वर्षीय किसान सावंतखेड़ा निवासी संदीप कुमार की मौत हो गई। पिकअप चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस को दिए बयान में संदीप के चाचा प्रेम कुमार ने बताया कि संदीप कुमार खेती-बाड़ी का कार्य करता था। सोमवार रात को वह खेतों में काम करवाने के लिए मजदूरों को लेने जा रहा था। इसी दौरान सिरसा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक पिकअप को मौके पर छोड़कर भाग गया।
आसपास मौजूद लोगों ने घायल संदीप को डबवाली के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बठिंडा रेफर कर दिया। बठिंडा में उपचार के दौरान संदीप कुमार की मौत हो गई।
एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने प्रेम कुमार के बयान पर पिकअप चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।
गांव के सरपंच सुभाष कुमार ने बताया कि गांव का यह कट हादसों का कारण बन रहा है। हाईवे होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहनों की रफ्तार अधिक रहती है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सरकार को कई बार पत्राचार के माध्यम से अवगत करवाकर फ्लाईओवर बनाने की मांग की गई है लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने सरकार से जल्द फ्लाईओवर निर्माण की मांग की ताकि हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।