डबवाली। चौटाला माइनर के अंतिम छोर पर पानी न पहुंचने से सैकड़ों किसान परेशान हैं। इन किसानों का बेमियादी आंदोलन शनिवार को 10वें दिन भी जारी रहा। किसानों ने सुखी पड़ी नहर में मटके फोड़कर जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी के जरिए नहरी विभाग को जगाने का प्रयास किया।
आंदोलित किसानों का कहना है कि पिछले 10 दिनों से आंदोलन के बावजूद विभाग का कोई भी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। किसानों ने नहरी विभाग के अधीक्षक अभियंता से मौके पर आकर उनसे वार्ता करने की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी को भी फोन कर समस्या बताई। सिंचाई मंत्री श्रुति ने कहा कि ग्रामीणों का पांच सदस्यीय शिष्टमंडल चंडीगढ़ कार्यालय में आकर उनसे मिले। हर समस्या सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।
इसके कुछ समय बाद धरना स्थल पर बैठे किसानों के पास सिरसा के एसई का फोन आया, जिसमें उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि वे रविवार दोपहर तीन बजे आंदोलन स्थल पर पहुंचकर उनसे बातचीत करेंगे।
किसानों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि रविवार दोपहर तक एसई मौके पर नहीं पहुंचे, तो वे मुख्यमंत्री नायब सैनी का पुतला फूंककर प्रदर्शन करेंगे। किसानों का कहना है कि नहर में पूरा पानी पहुंचने और उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना देने वालों में दयाराम उलाणिया, जेपी गोदारा, अनिल सहारण, वकील सतपाल फगोड़िया, अशोक सहारण, बलविंदर सिंह, चानणराम सिहाग, आनंद पुनिया, प्रमोद गोदारा मौजूद रहे।