सिरसा। जिले भर में दशहरा पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। रावण दहन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बाजारों और दहन स्थलों पर कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। जिले में कुल 1200 पुलिस कर्मचारी अपनी ड्यूटी देंगे जिनमें से करीब 800 पुलिसकर्मी शहर में तैनात किए जाएंगे। शहर में तीन स्थानों पर रावण दहन के कार्यक्रम होंगे जिनमें 100 फीट के रावण का दहन भी शामिल है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि शहर में मेले, रावण दहन, दुर्गा पूजा और अन्य धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी थाना और पुलिस चौकी प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पुलिस अधिकारी स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्था पर नजर रखेंगे ताकि लोग बेफिक्र होकर त्योहार मना सकें।
यातायात प्रबंधन और रूट बदलाव
त्योहार के चलते बाजारों और मुख्य चौराहों पर भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष योजना बनाई है। प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और आवश्यकतानुसार भारी तथा बड़े वाहनों के रूट बदले जाएंगे। पुलिस का प्रयास रहेगा कि बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों को जाम की परेशानी न झेलनी पड़े और आवागमन सुचारु बना रहे। दोपहर दो बजे के बाद मिनी बाईपास से भारी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। दिल्ली पुल से शहर के अंदर आने वाले भारी वाहनों को भी रोका जाएगा, जो मिनी बाईपास से गुजरते हैं। किसानों और भारी वाहनों को मंडी जाने के लिए मुख्य बाईपास का उपयोग करने को कहा गया है। भूमण शाह चौक पर बैरिकेड लगाए जाएंगे और चतरगढ़पट्टी रेलवे फाटक के पास विशेष रूप से कर्मचारी तैनात रहेंगे।
अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई और जन अपील
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध जुआ खेलने तथा शराब बेचने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दशहरा आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के किसी खबर या अफवाह को आगे न बढ़ाएं।
तीन स्थानों पर होगा रावण दहन, अतिथि करेंगे शुभारंभ
दशहरा पर्व पर शहर में तीन स्थानों पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्री लक्ष्मण कला केंद्र की ओर से दशहरा ग्राउंड में शाम पांच बजे रावण दहन किया जाएगा। कार्यक्रम में सोनू डूमडा मुख्य अतिथि होंगे। वहीं श्री विष्णु क्लब की ओर से मिनी बाईपास पर चौधरी देवीलाल के नजदीक दशहरा ग्राउंड में शाम साढ़े पांच बजे रावण दहन होगा। इसमें पूर्व गृह राज्यमंत्री गोपाल कांडा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके अलावा श्री रामा क्लब चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से सावन स्कूल के पास स्थित ग्राउंड में शाम 5 बजकर 50 मिनट पर रावण दहन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विधायक गोकुल सेतिया मुख्य अतिथि होंगे।