संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। ब्याज राशि पर 30 फीसदी छूट के साथ प्रॉपर्टी धारक 31 जुलाई तक बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवा सकते थे। अंतिम दिन नगर परिषद में करीब 60 लोग टैक्स जमा करवाने के लिए पहुंचे, लेकिन प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियों के कारण केवल 20 धारक ही टैक्स जमा करवाकर छूट का लाभ ले सके। अन्य लोग आईडी में त्रुटियों के कारण लौटने को मजबूर हुए। दिनभर में 52912 रुपये का टैक्स जमा हुआ।
शहर में नगर परिषद ने 95 हजार प्रॉपर्टी धारकों की आईडी बनाई है। आईडी में त्रुटियों के कारण अभी तक 70 फीसदी प्रॉपर्टी धारक टैक्स जमा नहीं करवा पाए हैं। प्रॉपर्टी आईडी में किसी का नाम गलत है तो किसी का फोटो गलत अपलोड किया गया है। वहीं किसी ओर की प्रॉपर्टी को दूसरे के नाम पर दिखाया गया है। शहर वासी हर रोज आईडी में गलतियों को ठीक करवाने के लिए नगर परिषद में पहुंचते हैं। कई बार कैंप भी लगाए गए, लेकिन त्रुटियों का समाधान नहीं हुआ। हालांकि नगर परिषद कर्मचारियों की ओर प्रॉपर्टी धारकों की आईडी को ठीक करने का काम भी किया जा रहा है। शहर में अभी केवल 30 फीसदी ही प्रॉपर्टी धारकों की ओर से टैक्स जमा करवाया गया है।
25 हजार आईडी ठीक कर चुका है नगर परिषद
प्रॉपर्टी आईडी में नाम, पता, प्लाट नंबर, एड्रेस, फोटो, कॉमर्शियल या रिहायशी सहित अन्य गलतियों को ठीक करवा पाना शहर वासियों के लिए अब मुसीबत बन चुका है। नगर परिषद की ओर से प्राॅपर्टी आईडी को ठीक करने के लिए कई बार कैंप भी लगाए जा चुके हैं, लेकिन इन कैंपों के माध्यम से करीब एक हजार आईडी में त्रुटियां ठीक हो पाई है। नगर परिषद ने अपने स्तर पर अब तक 25 हजार आईडी में त्रुटियों को ठीक किया है। अभी 70 हजार आईडी में त्रुटियों को ठीक करने का कार्य अभी शेष है।
क्लर्कों की हड़ताल ने बढ़ाई परेशानी
एक माह से क्लर्काें की हड़ताल होने के कारण स्थिति खराब हो रही है। नगर परिषद में हर रोज 50 लोग प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियों को ठीक करवाने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन हड़ताल के कारण आईडी में गलतियां भी ठीक नहीं हो पा रहीं। नगर परिषद ने नई आईडी बनाई गई है, जिसके माध्यम से प्रथम चरण में गलतियों को ठीक करने का काम किया जा रहा है, लेकिन दूसरे चरण पर जाकर फिर मामला अटक जाता है। हालांकि प्रॉपर्टी धारकों को आईडी संबंधित जानकारी देने के लिए नगर परिषद की ओर से असेस्मेंट नोटिस भी वितरित किए जा रहे हैं। इसके बाद लोग आईडी में अब त्रुटियों को ठीक करवाने भी पहुंच रहे हैं। शहर में अभी तक करीब आठ हजार लोगों को नोटिस बांटे गए हैं।
वर्जन
प्रॉपर्टी टैक्स पर लगे बयान पर 30 फीसदी छूट का अंतिम दिन रहा। अंतिम दिन 52 हजार 912 रुपये का टैक्स जमा किया गया है। प्रॉपर्टी आईडी में गलती होने के कारण अधिक लोग टैक्स जमा नहीं करवा पाए है। प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियों को ठीक करने का कार्य किया जा रहा है। - मनीष सैनी, इंचार्ज, प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच, नगर परिषद सिरसा ।