डबवाली। नगर परिषद का शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी है। वीरवार को विशेष अभियान मलोट रोड पर अतिक्रमण हटाया गया।
नगर परिषद की टीम ने जेसीबी लेकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। कई स्थानों पर अस्थायी ढांचे और दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। प्रशासन की सख्ती को देखते हुए कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया, जबकि कुछ स्थानों पर टीम को सामान जब्त करना पड़ा।
नगर परिषद की टीम के हटाए गए अतिक्रमण के बाद कुछ दुकानदारों ने दोबारा सड़क पर सामान रख दिया। इस पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सामान जब्त कर लिया और चेतावनी दी। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने कहा कि शहर में अवैध अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क आम जनता की सुविधा के लिए है। इन पर कब्जा करने से यातायात बाधित होता है। लोगों से अपील है कि अतिक्रमण न करें और स्वयं अतिक्रमण हटाएं।