सिरसा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सिरसा और जिला रोजगार कार्यालय की ओर से शुक्रवार को आयोजित मेगा जॉब फेयर-2026 में युवाओं के चयन को लेकर सवाल उठे।
मेले में 30 कंपनियों और संस्थानों की ओर से करीब 423 युवाओं के चयन की बात कही गई, लेकिन कई युवाओं को केवल रिज्यूम जमा करवाने के बाद चयन के संबंध में फोन करने का आश्वासन मिला। एक सप्ताह पहले आईटीआई में चयनित प्रशिक्षुओं के इंटर्नशिप लेटर भी मेले में रोजगार से जोड़कर प्रस्तुत किए गए।
एक युवा ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि मारुति कंपनी ने आईटीआई में प्लेसमेंट के दौरान स्पष्ट किया था कि चयन स्थायी नौकरी के लिए नहीं बल्कि एक साल की इंटर्नशिप के लिए है। इसके बाद ही नौकरी देने पर विचार किया जाएगा।
मेले के दौरान कैबिनेट मंत्री कृष्ण पंवार ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों पर जाकर भर्ती प्रक्रिया की जानकारी ली। कई कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि उन्होंने युवाओं से रिज्यूम लिए हैं और चयन प्रक्रिया के लिए बाद में बुलाया जाएगा।
सेल्स की नौकरियों में भी नहीं मिला तत्काल जवाब :
मेले में करीब पांच कंपनियों ने सेल्समैन भर्ती के लिए स्टॉल लगाए। कुछ युवाओं के अनुसार, उन्हें सेल्स टारगेट पूरा करने पर वेतन मिलने की बात कही गई, जिसके चलते उन्होंने रुचि नहीं दिखाई। इच्छुक युवाओं में से कई के केवल रिज्यूम लिए गए मनिंद्र ने बताया कि अलीका आईटीआई में हीरो कंपनी ने उनका चयन एक साल की इंटर्नशिप के लिए किया है, जिसके तहत उन्हें 15 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलेगा। कंपनी के पत्र में भी इंटर्नशिप का स्पष्ट उल्लेख है।
120 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार, 47 को अगले चरण के लिए चुना
हिलटन एग्रो फूड प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि ने बताया कि 120 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार के बाद 47 को अगले चरण के लिए चुना गया और दो को ज्वाइनिंग के लिए कहा गया। एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के प्रतिनिधि ने बताया कि उन्होंने रिज्यूम लिए लेकिन मौके पर किसी का चयन नहीं किया।