संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। बिजली निगम ने बिजली की चोरी करने वालों पर सख्ती करनी शुरू कर दी है। जिले में निगम की टीमों ने दो दिन में 102 जगह बिजली चोरी पकड़ी है। इस दौरान 26 लाख 85 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
बिजली निगम ने हिसार सर्कल के आदेशानुसार बुधवार व वीरवार को जिले में विशेष अभियान चलाया। निगम की 200 कर्मचारियों की करीब 50 टीम ने लोगों के घरों में दबिश दी और बिजली के कनेक्शन जांचे। इस दौरान लोगों ने कुंडी लगाकर घरों में बिजली के उपकरण चला रखे थे। टीमों ने दो दिनों में 102 जगह पर बिजली चोरी पकड़ी। निगम टीमों ने बुधवार को 357 घरों की जांच की। इस दौरान 68 घरों में बिजली की चोरी की जा रही थी। इनमें 93 किलोवाट का लोड अधिक पाया गया। इस पर टीम के कर्मचारियों ने 68 लोगों को 13 लाख 87 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वीरवार को निगम की टीमों ने 239 घरों पर दबिश देकर बिजली कनेक्शनों की जांच की। इस दौरान टीम ने 34 चोरियां पकड़ीं। इनमें 49 किलोवाट का लोड मिला। टीम ने इन पर 12 लाख 98 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इन चोरियों में छह सिटी सब डिवीजन से मिली। इनसे 6 किलोवाट का लोड पाया गया। इन पर 72 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
कालांवाली में छह जगह पकड़ी बिजली चोरी
कालांवाली। सब डिवीजन के एसडीओ प्रेम कुमार ने बताया कि निगम की टीम ने गांव केवल, किगरा, व गांव कालांवाली में दबिश देकर बिजली की चोरी पकड़ी है। इस दौरान तीनों जगहों पर कुल 42 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं वीरवार सुबह निगम की टीम ने गांव पिपली में सुखपाल कौर, मनप्रीत कौर व सतनाम सिंह के घर पर बिजली की चोरी पकड़ी। टीम ने तीनों पर 65000 रुपये का जुर्माना लगाया। टीम में नरेश कुमार एसडीओ हिसार मंडल, भरत लाल जेई, प्रेम कुमार जेई कालांवाली फोरमैन रामकुमार, कुलदीप एसआई विजिलेंस हिसार, नेकी राम जेई मौजूद रहे।
बिजली निगम ने दो दिन का विशेष सर्च अभियान चलाया है। टीमों ने बुधवार व वीरवार को 102 जगहों पर बिजली चोरी पकड़ी है। इस दौरान 26 लाख 85 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। - राजेंद्र सभ्रवाल, एसई, बिजली निगम सिरसा।