संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गर्मी बढ़ने के कारण लोग राहत के लिए एसी व कूलर का सहारा ले रहे हैं। इसके कारण पहले के मुकाबले रोजाना बिजली की खपत एक लाख 12 हजार यूनिट बढ़ गई है। ऐसे में ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ रहा है और विभाग के पास रोजाना 20 से अधिक शिकायतें फ्यूज उड़ने की आ रही हैं। हालांकि निगम की ओर से जिले में करीब 18 स्थानों पर लोड को नियंत्रण करने के लिए कार्य किया जा रहा है। कई स्थानों पर बड़े ट्रांसफार्मर तो कई स्थानों पर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं।
जिले का तापमान करीब 40 डिग्री तक पहुंच रहा है। 23 मार्च को जिले में हर रोज 38 लाख 55 हजार 436 यूनिट की खपत होती थी। जोकि इस माह अब बढ़कर 39 लाख 67 हजार 527 तक पहुंच गई है। दोपहर के समय ट्रांसफार्मरों पर अधिक लोड रहता है। शहर के बिजली निगम स्थित सुविधा केंद्र में ट्रांसफार्मरों के फ्यूज उड़ने की 20 से अधिक और बिजली कट की 200 शिकायतें आ रही हैं। बिजली निगम की ओर से शिकायतों का स्थाई समाधान करने के लिए 100 किलोवाट के ट्रांसफार्मरों की जगह 200 किलोवाट के ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही निगम की ओर से 33केवीए, 120केवीए सहित अन्य बड़े स्टेशनों की मरम्मत करने का काम भी किया जा रहा है।
अंधड़ के कारण इस वर्ष बिजली निगम को उठाना पड़ा है भारी नुकसान
जिले में दो बार अंधड़ आने के कारण बिजली निगम को इसका भारी नुकसान उठाना पड़ा है। जिले में दो बार आए अंधड़ में बिजली के करीब 500 पोल व 30 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। निगम ने सभी ट्रांसफार्मरों और बिजली के पोल की मरम्मत करने में लाखों रुपये का खर्च भी किया जा चुका है। अब निगम की ओर से इसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। बिजली निगम ने जिले के सभी जेई सहित अन्य अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। इसके आधार पर जिले में हुए नुकसान का आंकलन किया जाएगा।
मई में ओर अधिक बढ़ेगा लोड
हर वर्ष मई व अप्रैल में तापमान 45 से 48 डिग्री तक पहुंचता है। इसके लिए निगम की ओर से हर वर्ष लोड को नियंत्रण करने सहित केंद्रों व लाइनों की मरम्मत करने का काम भी किया जाता है। इसके बाद भी गर्मी में लंबे कट लगने के कारण शहर वासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस बार भी निगम की ओर से सब स्टेशनों सहित अलग-अलग 18 स्थानों पर लोड नियंत्रण करने का कार्य किया जा रहा है।
वर्जन
गर्मी के बढ़ने के कारण अब हर रोज एक लाख 12 हजार से अधिक बिजली की यूनिट की खपत हो रही है। कई स्थानों पर लोड नियंत्रण करने के लिए कार्य किया जा रह है। छोटे ट्रांसफार्मरों को हटाकर बड़े ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। -मोहन लाल जांगड़ा, एसडीओ, बिजली निगम, सिरसा ।