संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहरी क्षेत्र में बिजली बिल नहीं भरने वालों उपभोक्ताओं पर सोमवार को बिजली विभाग ने सख्त कार्रवाई की। शहरी और इंडस्ट्रियल एरिया क्षेत्र में विभाग की कुल 16 टीमों ने बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे हैं।
वहीं, ग्राउंड में बिजली विभाग की टीमाें को कार्रवाई करते देख कई उपभोक्ता अपना बकाया बिल भरने के लिए विभाग की ओर भागने लगे। वहीं, इस दौरान टीम ने मौके पर ही राशि वसूल कर संबंधित उपभोक्ता को रसीद देते हुए समय पर बिल अदा करने की नसीहत भी दी।
बिजली विभाग में एक्सईएन धीरज कुमार ने बताया कि सोमवार को शहरी क्षेत्र में बिजली बिल न भरने वाले बकायेदारों की सूची तैयार कर विशेष अभियान चलाया गया है। इसमें विभाग की और से 16 टीमों को गठित कर कार्रवाई के लिए लगाई गई हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में डेढ़ लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं के बिल बकाया पड़े हैं। उपभोक्ताओं द्वारा बिल ना भरने की दशा में अब विभाग ने हुए टीमों को विद्युत कनेक्शन काटने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा कई सरकारी विभागों पर भी बिजली विभाग की करोड़ों रुपये बकाया राशि है। उनको भी जल्द ही नोटिस देकर कार्रवाई की जाएगी।