संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। पंच पद को लेकर होने वाले उपचुनाव को लेकर बुधवार को 12 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए हैं। ऐसे में इन पदों पर अब एक-एक नामांकन रहने के चलते सहमति बन गई है। जिले में अब तक 75 पंच पदों पर सहमति बन गई है। ऐसे में अब सिर्फ नौ पंच पदों पर ही नौ जुलाई को उपचुनाव हाेंगे।
चुनाव आयोग ने 15 जून को रिक्त पड़े पंच पदों के चुनाव के लिए उपचुनाव की घोषणा की थी। जिले में 89 पंच पदों पर उपचुनाव होने हैं। इसके लिए नामांकन भरने की तिथि 21 जून से 26 जून निर्धारित की गई थी। इस दौरान कुल 113 आवेदन आए थे। इसे दौरान 63 ग्राम पंचायतों में मात्र एक-एक नामांकन आने के कारण यहां पर पंच पदों पर सर्वसम्मति बन गई है। वहीं पांच पंच पदों पर किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच पड़ताल के दौरान दो पंचों के नामांकन भी रद्द हुए थे। बुधवार को नामांकन वापसी के दौरान 12 पंच पदों पर उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए। ऐसे में यहां भी एक ही उम्मीदवार बचने से सहमति बनी गई। अब जिले में 89 में से 75 पंच सर्वसम्मति से चुने जा चुके हैं। अब नौ पंच पदों पर नौ जुलाई को उपचुनाव होने हैं।
यहां नहीं होंगे उपचुनाव
बताया गया है कि खंड ऐलनाबाद व रानियां के सभी पंच पदों पर सर्व सम्मति बन गई है। यहां पर उपचुनाव नहीं होगा। खंडा बडागुढ़ा, ऐलनाबाद, ओढ़ा, रानियां व सिरसा के एक-एक वार्ड से कोई नामांकन न आने के कारण यहां पर उपचुनाव नहीं हो पाएगा।
यहां होंगे पंच पद के लिए चुनाव
खंड बड़ागुढा के वार्ड नंबर-12, डबवाली खंड के गांव अबुबशहर, भारूखेड़ा, खुईयां मलकान, रिसालियाखेड़ा, चोपटा के गांव साहुवाला-दो, ओढ़ा के गांव दादू, सिरसा खंड के गांव पतली डाबर व शमशाबाद पट्टी में पंच पद के लिए उपचुनाव होगा।
पांच खंडों के नौ गांवों में पंच पद के लिए उपचुनाव होंगे। यहां पर दो या दो से अधिक नामांकन आए हैं। अन्य स्थानों पर पंच पदों के लिए सर्वसम्मति बन गई है। - रमेश कुमार, डीडीपीओ, सिरसा।