नहर में जल समाधी लगाकर बैठे बुजुर्ग किसान।
सिरसा। शेरांवाली माइनर को ऊंचा उठाने की मांग लेकर बकरियांवाली में 18 दिनों से पांच गांवों के ग्रामीण धरने पर बैठे हैं। सरकार द्वारा सुनवाई नहीं होने से नाराज बुजुर्गों ने शुक्रवार को माइनर में जल समाधि लगा दी। आधे घंटे तक दो बुजुर्ग ठंडे पानी में बैठे रहे। इसके बाद तबीयत बिगड़ने पर ग्रामीणों ने दोनों बुजुर्गों को गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला।
ग्रामीणों ने बताया कि बुजुर्ग प्रेम, बुधराम कासनियां, रमेश बैनीवाल, भूप बाना सहित सात बुजुर्गों ने शुक्रवार को जल समाधि लेने का निर्णय लिया। बुजुर्गों की तरफ से जल समाधि लिए जाने से पहले पंडित से पूजा करवाई गई। 80 वर्षीय बुजुर्ग बुधराम कासनियां और 70 वर्षीय भूप बाना नहर के ठंडे पानी में जलसमाधि के लिए उतर गए। आधे घंटे बाद ही दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी तो ग्रामीणों ने उन्हें किसी तरह से बाहर निकाला। बुजुर्ग पानी के अंदर ही जान देने की बात कहते रहे। मगर, ग्रामीणों ने ऐसा नहीं करने दिया। इसके बाद बुजुर्गों को वस्त्र पहनाकर घर भेज दिया और उनका उपचार करवाया।
जानकारी के अनुसार 18 दिनाें से बकरियांवाली, माधोसिंघाना, गुडियाखेड़ा, चौबुर्जा और मोडियाखेड़ा के किसान जमाल रोड पर शेरावाली माइनर के पास धरना लगाकर बैठे हुए हैं।