संवाद न्यूज एजेंसी
ऐलनाबाद। देवीलाल चौक पर एक महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर दो युवक व एक महिला सोने की बालियां छीनकर भाग निकले। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में रुक्मिणी पत्नी परमानंद निवासी गांव 4 चक मसीतावाली, जिला हनुमानगढ़ ने बताया कि वह 16 मई को साढ़े तीन बजे ऐलनाबाद के देवीलाल चौक पर घरेलू सामान खरीदने आई हुई थी। इसी दौरान दो युवक व एक महिला उसका पीछा करने लगे।
रुक्मिणी ने बताया कि जब वह बीकानेर मिष्ठान भंडार के पास पहुंची तो दोनों युवकों ने उसके चेहरे पर स्प्रे छिड़क दिया। इससे वह अचेत हो गई। इसके बाद वे उसे पास की एक गली में ले गए और पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इससे वह पूरी तरह बेहोश हो गई। होश आने पर पीड़िता को पता चला कि उसके कानों की सोने की बालियां व 3 हजार रुपये गायब हैं।
थाना प्रभारी प्रगट सिंह ने बताया कि 20 मई को पीड़िता की शिकायत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जांच के दाैरान सीसीटीवी कैमरों से फुटेज लिए जा रहे हैं।