सिरसा। परिवहन, ऊर्जा व श्रम मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में शुक्रवार को पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक हुई। जिसमें कुल 17 शिकायतें आईं, जिनमें से नौ का मौके पर समाधान हुआ, जबकि 8 पर अधिकारियों को जल्द कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में आई घर में घुसकर महिला से मारपीट करने की शिकायत पर विज ने डीएसपी से कहा कि उनका शुद्धिकरण करो, शुद्धिकरण का मतलब समझते हो ना। इसके अलावा झूठा केस दर्ज कराने की शिकायत की फिर से जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित करने का निर्देश पुलिस विभाग को दिए हैं।
शुक्रवार को पंचायत भवन हुई बैठक में मंत्री अनिज विज ने शिकायतों पर सुनवाई करते हुए काम में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों का जमकर लताड़ा। उन्होंने कहा कि सस्पेंड करने के मामले मैं कुख्यात हूं, मैं किसी को भी नहीं छोड़ता। बैठक में पहली शिकायत प्लाॅट पर कब्जे से संबंधित रही है। इस बारे में बीडीपीओ ने बताया कि यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इस पर मंत्री ने शिकायतकर्ता से कहा कि वह कोर्ट के फैसले का इंतजार करें।
बैठक में गांव बुढ़ाभाणा निवासी अनूप सिंह पुत्र अमर सिंह ने मंत्री को बताया कि वह छोटा सा किसान है। जुलाई 2023 में घग्घर नदी में बाढ़ आने के दौरान गांव बुढ़ाभाणा को बचाने के लिए ग्राम पंचायत ने उसके खेत में मिट्टी उठाकर अस्थायी बांध बनाया। जिससे उसके खेत में खड़ी फसल बर्बाद हो गई और वहां गहरे गड्ढे हो गए। ग्राम पंचायत ने न तो गड्ढे भरे और न ही उसे मुआवजा दिया। मंत्री अनिल विज ने अधिकारी को निर्देश दिया कि अगली बैठक से पहले जमीन की पैमाइश कर किसान को मुआवजा या उसके खेत में मिट्टी डलवा दी जाए।
गांव ढाणी आसा सिंह निवासी कुलवंत कौर ने बैठक में बताया कि उसके पति अमरीक सिंह के खिलाफ नाबालिग से छेड़छाड़ का झूठा केस दर्ज कराया गया है। जिन लोगों ने केस दर्ज करवाया उन्होंने मेरे ससुर की हत्या कर दी थी। हत्यारोपी केस वापस लेने की धमकी देते रहे, लेकिन हमने केस वापस नहीं लिया तो उक्त लोगों ने उसके पति पर झूठा केस दर्ज करा दिया। मंत्री अनिल विज ने पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण को डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी बनाकर मामले की फिर से जांच कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अगली बैठक में रिपोर्ट देने को कहा है।
अनिल विज नाम है मेरा, पता है ना, गलत करने वाला बच नहीं बचेगा
बैठक में शिकायतकर्ता परमजीत सिंह निवासी गांव गंगा ने मंत्री विज के समक्ष अपनी बात रखते हुए कहा कि गांव झूठी खेड़ा में सुल्तान पुत्र बुधराम को 1980 में 5 एकड़ जमीन अलॉट हुई थी। वर्ष 1984 में उसे मालिकाना हक मिल गया। सुल्तान की मृत्यु होने के 20 साल बाद कुछ लोगों ने खुद को सुल्तान का झूठा वारिस दिखाकर जमीन हड़प कर ली। मंत्री अनिल विज ने सुनवाई करते हुए एसडीएम को निर्देश दिए कि मामले की पूर्ण जांच करके कार्रवाई करो। इसके बाद विज ने शिकायतकर्ता परमजीत से कहा कि अनिल विज नाम है मेरा, पता है ना। गलत करने वाला बच नहीं बचेगा।
पुलिस किस लिए है जब आम आदमी घर में सुरक्षित नहीं
घर में घुसकर महिला से मारपीट करने की शिकायत पर मंत्री ऐलनाबाद डीएसपी पर भड़क गए। उन्होंने डीएसपी से कहा कि शिकायतकर्ता के घर पर घुसकर महिला से मारपीट की गई है। अगर आदमी अपने घर पर आराम से नहीं रह सकता तो पुलिस किस लिए है। मंत्री ने डीएसपी से कहा कि जो लोग शिकायतकर्ता को धमकाते हैं और उसके घर में घुसकर मारपीट करते हुए उनका शुद्धिकरण होना चाहिए। शुद्धिकरण समझते हो ना। डीएसपी ने कहा कि सर आज ही शुद्धिकरण हो जाएगा। शिकायतकर्ता ने मंत्री विज को लैपटॉप पर मारपीट वाली सीसीटीवी फुटेज भी दिखाई।
10 साल बाद डाली रिफंड राशि, वो भी पूरी नहीं दी, विज ने दिए जांच के आदेश
शिकायत नंबर 15 में शिकायतकर्ता धर्मवीर खन्ना निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी ने मंत्री अनिल विज को बताया कि वर्ष 2014 में उसे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 27 गज का प्लाट अलॉट हुआ था। ये प्लाट उसने हाउसिंग बोर्ड को वापस कर दिया, लेकिन उसे 10 साल बाद भी रिफंड नहीं मिला। मंत्री विज ने हाउसिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता से कारण पूछा तो अधिकारी ने जवाब दिया कि बीते दिवस ही 66 हजार रुपये शिकायतकर्ता के अकाउंट में डाल दिए गए हैं। शिकायत नंबर 17 में मंत्री अनिल विज ने जांच के आदेश दिए। इस शिकायत में वार्ड 17 निवासी संदीप शर्मा ने नप अधिकारी व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी।
प्रदेश में बेहतर परिवहन सुविधा देने की दिशा में हो रहा काम
परिवहन, ऊर्जा एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश में आमजन को बेहतर परिवहन सुविधा मिले, इसके लिए तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड पर साफ-सफाई, पेयजल आदि सुविधाओं में निरंतर सुधार किया जा रहा है। इसी कड़ी में सभी जीएम को निर्देश दिए गए हैं कि वे दिन में दो से तीन बार बस स्टैंड का निरीक्षण करेंगे और कहीं पर भी अव्यवस्था मिलती है तो उसको दुरुस्त करने का काम करेंगे। बिजली के लटकते तारों के संबंध में पूछे एक सवाल के जवाब में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जहां भी जरूरत है तार और पोल को ठीक करने का कार्य किया जा रहा है। भले ही इस कार्य में समय लगेगा, लेकिन इसे पूरी तरह से दुरुस्त किया जाएगा।
प्रदेश को नशा मुक्त बनाने की दिशा में सरकार उठा रही ठोस कदम
उन्होंने कहा कि प्रदेश को नशा मुक्त बनाने की दिशा में सरकार ठोस कदम उठा रही है। इसी उद्देश्य के साथ डबवाली को जिला पुलिस बनाया गया था। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य निरंतर जारी हैं।
बैठक में ये भी आए
बैठक में सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया, ऐलनाबाद से कांग्रेस विधायक भरत सिंह बैनीवाल, कालांवाली से कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला, डीसी शांतनु शर्मा, सिरसा एसपी विक्रांत भूषण व डबवाली एसपी सहित सभी सरकारी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।