सिरसा। अनाज मंडियों में फसल खरीद का सीजन चल रहा है। सीजन को ध्यान में रखते हुए बुधवार को डीएसपी सुभाष चंद्र ने अनाज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मंडी का दौरा करने के बाद डीएसपी ने आढ़ती एसोसिएशन के कार्यालय में आढ़तियों के साथ बैठक की।
बैठक में डीएसपी ने खरीद व्यवस्था व सुरक्षा के बारे में आढ़तियों से चर्चा की। चर्चा के दौरान मंडी प्रधान मनोहर मेहता ने डीएसपी को बताया कि मंडी में इस समय सरसों की खरीद चल रही है। एक सप्ताह बाद गेहूं की आवक भी शुरू हो जाएगी। फसल खरीद सीजन में मंडी में प्रतिदिन करोड़ों रुपयों का लेन-देन होता है। सीजन में मंडी में चोरी व छीना-झपटी की घटनाएं भी बढ़ जाती हैं। जब किसान अपनी फसल बेचकर रुपये लेकर घर जाने लगता है तो चोर किसानों से पैसे छीनने की घटना को अंजाम देते हैं। इसलिए उनकी मांग है कि फसल खरीद सीजन में सिरसा मंडी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाए। इस मौके पर उपप्रधान प्रेम बजाज, सचिव दीपक मित्तल, कोषाध्यक्ष कुणाल जैन, सहसचिव महावीर शर्मा, दीपक नड्डा, धर्मपाल जिंदल, सुधीर ललित मेहता मौजूद रहे।
इन घटनाओं से परेशान हैं व्यापारी
1 सीजन में बड़े स्तर पर रुपयों का लेन-देन होता है। इस दौरान किसान और आढ़तियों को चोर अपना निशाना बनाते हैं।
2 किसानों की जेब तराशने और रुपये छीनने जैसे कई मामले पूर्व में सामने आ चुके हैं।
3 रात के समय वाहनों से सामान चोरी जैसी घटनाएं होती हैं।
सीजन में मंडी आते हैं किसान
गेहूं और सरसों के सीजन में मंडी पूरी तरह से फसल से भर जाती है। मंडी के अधिकतर रास्ते बंद हो जाते हैं और मुख्य सड़कों पर गेहूं की ढेरियां आ जाती हैं। इस दौरान किसान अपनी फसल के साथ मंडी व उससे बाहर भी सोते हैं और चोर उन्हें अपना निशाना बनाते है।
यह की जाए व्यवस्था
1 मंडी में कम से कम 10 होमगार्ड तैनात किए जाए।
2 - पुलिस पीसीआर (डायल 112) तैनात करने की मांग की।
अनाज मंडी का निरीक्षण किया है। आढ़तियों ने सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। फसली सीजन को लेकर मंडी में सुरक्षा की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
सुभाष चंद्र, डीएसपी