सिरसा। राजकीय नेशनल महाविद्यालय सिरसा में सोमवार को साइबर सुरक्षा पर जन चेतना संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य वक्ता के तौर पर उप-पुलिस अधीक्षक विकास कृष्ण ने शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध व ठगी से बचाव के बारे में टिप्स दिए।
इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक विकास कृष्ण ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि कई लोग पैसों के लालच में अपने नाम से बैंक खाता खुलवा कर साइबर अपराधियों को सौंप देते हैं। यह एक संगीन अपराध है, जिसके माध्यम से आप किसी भी समय अनजाने में ही किसी बड़े अपराध का हिस्सा बन सकते हैं।
कार्यक्रम में साइबर सेल प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष विद्यार्थियों को इंटरनेट के माध्यम से होने वाले विभिन्न प्रकार की साइबर ठगी से बचाव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोई भी विद्यार्थी अपनी व्यक्तिगत जानकारी जैसे आधार, पैन, बैंक खाता संख्या अथवा किसी भी प्रकार के पासवर्ड आदि शेयर नहीं करना चाहिए।
साइबर सेल प्रभारी ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को सस्ते उत्पाद उपलब्ध करवाने, पैसे दो गुना करने वाली वेबसाइट से भी बचना चाहिए। वहीं ऑनलाइन गेमिंग से भी दूर रहें। उन्होंने बताया कि अगर हम किसी भी प्रकार की साइबर ठगी अथवा अपराध का शिकार होते हैं तो तुरंत इसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर 1930 या cybercrime.gov.in पर छह घंटे के अंदर दर्ज करवाएं।
इस दौरान डॉ. जीतराम शर्मा, प्रो. रमेश सोनी, डॉ. हरविंदर सिंह, डॉ. सत्यपाल, डॉ. बब्लेश झोरड़, डॉ. मीत, डॉ. विवेक गोयल, डॉ. इंदिरा जाखड़ व डॉ. सविता आदि कॉलेज स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।