चोपटा।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दड़बा कलां की टीम जांच करती हुई। संवाद
चोपटा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दड़बा कलां में कार्यरत मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुरेखा बिश्नोई के आदेशानुसार गांव रुपाणा खुर्द में स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य कर्मचारी सर्वे कर रहे है। हर रविवार को हर घर में ड्राई डे (सूखा दिवस ) मनाया जाता है। इसके तहत लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
इस दौरान नरेश कुमार व अजय, मंजू देवी गांव में खड़े बरसाती पानी में लगातार टेमीफोस दवा डाल रहे हैं। वहीं घरों में पानी के कुलर्स, टंकी, हौदी में मच्छरों के लार्वा की बार-बार जांच की जा रही है। इस दौरान गांव के स्कूल, विद्यार्थियों, ग्राम पंचायत के लोगों व ग्रामीणों को डेंगू-मलेरिया बीमारियों के फैलने, लक्षण और रोकथाम के तरीके बताए गए।
टीम ने गांव में जो बुखार के संदिग्ध मरीज आ रहे हैं उनकी रक्त पटिका बनाकर लैब में जांच के लिए भेजी। आशा वर्कर पूजा रानी, सुनील कुमारी, सुनीता, रोशनी कुमारी, रेनू इस मुहिम में अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक कर रही है, ताकि डेंगू-मलेरिया से बचाव किया जा सके। गांव में फॉगिंग भी करवाई जा रही है। अगर किसी को बुखार आता है तो गांव दड़बा कलां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जाकर खून की मुफ्त जांच करवाने की अपील भी की जा रही है।