छात्रा को सम्मानित करते डॉ. भांभू व महामारी अधिकारी डॉ. संजय कुमार
सिरसा। नागरिक अस्पताल में वीरवार को विश्व मलेरिया दिवस मनाया गया, जिसकी अध्यक्षता सिविल सर्जन, सिरसा डॉ. महेंद्र भादू ने की। डॉ. भांभू व महामारी अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि मलेरिया एक मच्छर जनित बीमारी है। मलेरिया मच्छर गंदे ठहरे हुए पानी में पनपता है। इसलिए मलेरिया से बचाव के लिए पानी को इकट्ठा न रहने दें, क्योंकि पानी ठहरेगा जहां मच्छर पनपेगा वहां।
उन्होंने कहा कि इसके लिए अपने घरों की टंकियों को पूरी तरह ढक कर रखें। सप्ताह में एक बार टंकियों, कूलरों, गमलों, शौचालयों में पड़े घड़ों, छतों पर पड़े बेकार टायरों, पशु-पक्षियों के पानी पीने के बर्तनों व अन्य पानी के स्रोत को खाली करें व रगड़कर साफ करें। अपने घरों के आसपास 7 दिनों से ज्यादा पानी एकत्रित न होने दें। जमाव वाले पानी में मच्छर अंडे देता है, जो 7 दिनों में पुन: मच्छर बनकर मलेरिया फैलाता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी बुखार की अनदेखी न करें, तुरंत खून की जांच करवाएं। इसकी जांच नागरिक अस्पताल में मुफ्त उपलब्ध है। मलेरिया पाए जाने पर इसका पूर्ण उपचार भी नागरिक अस्पताल में उपलब्ध है। उन्होंने लोगो से अपील की कि घरों के आसपास जहां भी जलभराव है, उसमें काला तेल डालें। इस दौरान ट्रेनिंग स्कूल की छात्राओं के बीच पोस्टर मेकिंग और विश्व मलेरिया दिवस संबंधित भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सिविल सर्जन ने विजेता छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर उप सिविल सर्जन (हेल्थ) डाॅ. राजेश चौधरी, उप सिविल सर्जन (ट्रेनिंग) डाॅ. विपुल गुप्ता, उप सिविल सर्जन (मलेरिया) डाॅ. गौरव अरोड़ा, महामारी अधिकारी डाॅ. संजय कुमार, पुष्कर दत्त, धीरज, केवल कम्बोज, अभिषेक एमपीएचडब्ल्यू व अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।