टोहाना। सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत मंगलवार को रेडक्रॉस कार्यालय में पुलिस की ओर से युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम डीएसपी उमेद सिंह के नेतृत्व में हुआ।
उन्हाेंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर ही नहीं बनाता, बल्कि परिवार और समाज के लिए भी विनाशकारी है। नशे की लत से पढ़ाई-लिखाई, रोजगार और भविष्य सभी प्रभावित होते हैं। डीएसपी ने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और समाज में दूसरों को भी जागरूक करें।
यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया : पुलिस ने युवाओं को सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों और सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी। बताया गया कि लापरवाही से गाड़ी चलाना, नशे की हालत में वाहन चलाना और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी सड़क हादसों की बड़ी वजह है। हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करना, गति सीमा का पालन करना बेहद जरूरी है।
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। इस दौरान युवाओं को शपथ दिलवाई गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे, ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगे और अपने मित्रों व परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने कहा कि वे नशा-मुक्त और सुरक्षित टोहाना के निर्माण में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे।