संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शिक्षा विभाग के तत्वावधान में शहीद भगत सिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। इन प्रतियोगिताओं में जिले के 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राएं प्रतिभा प्रदर्शन कर रहे हैं। यह खेल 20 अगस्त तक आयोजित होंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक-मानसिक विकास में सहायक हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के लिए होगा।
इसका उद्देश्य जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबाल सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है। शिक्षा विभाग के अधिकारी और खेल प्रशिक्षक प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में सहयोग कर रहे हैं।