सिरसा। जिला निर्वाचन अधिकारी आरके सिंह ने वीरवार को स्थानीय लघु सचिवालय में डीडीपीओ कार्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र पर जाकर अपना मतदान किया। आरके सिंह ने जिले के नागरिकों को अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिलावासियों से आह्वान किया कि वे 25 मई को प्रात: 7 बजे से सायं 6 बजे तक अपने संबंधित पोलिंग बूथ पर जाकर मतदान जरूर करें और जिला प्रशासन द्वारा शुरू किए गए सिरसा का अभिमान-सौ प्रतिशत मतदान के अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता लोभ-लालच, जाति-धर्म से ऊपर उठकर एक स्वस्थ एवं मजबूत लोकतंत्र के निर्माण के लिए मतदान करें। कोई भी मतदाता किसी के प्रलोभन में न आए और अपने विवेक से मतदान जरूर करें। उन्होंने कहा कि वोट डालना हर पात्र व्यक्ति का अधिकारी व कर्तव्य है, इसलिए वे भी अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।
उन्होंने बताया कि आवश्यक सेवाओं में ड्यूटी में नियुक्त जिन अधिकारियों व कर्मचारियों ने मतदान करने के लिए फार्म भरकर दिया हुआ है, वे अधिकारी व कर्मचारी 22 से 24 मई को सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मतदान कर सकता है। बुधवार 22 मई को आवश्यक सेवाओं में ड्यूटी देने वाले 95 अधिकारियों व कर्मचारियों ने मतदान किया। उन्होंने बताया कि अधिकारियों व कर्मचारियों की सुविधा के लिए लघु सचिवालय स्थित जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी के कार्यालय मेंं मतदान केंद्र स्थापित किया गया है।