संवाद न्यूज एजेंसी
कालांवाली। जिले के औषधि विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम ने शनिवार को शहर कालांवाली के एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। इस दौरान फार्मासिस्ट की गैर-हाजिरी में दवाइयां बेचने, रिकाॅर्ड पूरा न रखने और प्रतिबंधित दवाइयां मिलने पर टीम ने दुकान को सील कर दिया गया। अब विभाग की ओर से मेडिकल स्टोर का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा टीम ने गांव मलिकपुरा में भी एक मेडिकल स्टोर छापा मारा, लेकिन यहां पर नशे में प्रयुक्त होने वाली दवाइयां नहीं मिली और रिकॉर्ड भी पूरा मिला। जिला औषधि विभाग के इंचार्ज ड्रग इंस्पेक्टर निर्पुण गोयल ने बताया कि उन्हें यश मेडिकल हाल कालांवाली के खिलाफ काफी समय से शिकायतें मिल रही थी। इसके चलते इंस्पेक्टर सिरसा-3 से डीआई सतीश कुमार और सिरसा-2 से डीआई सुनील कुमार की टीम गठित की गई। शनिवार सुबह दुकान पर पहुंचकर छापा मारा। इस दौरान टीम को मेडिकल से नशे के रूप में इस्तेमाल करने वाली टेपेंटाडोल की छह गोलियां बरामद हुई। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित होने के कारण दुकानदार इन गोलियों को अपनी दुकान में नहीं बेच सकता। इसके बावजूद वह अपने मेडिकल में इन प्रतिबंधित गोलियों को बेच रहा था। विभाग की टीम करीब 7 माह पहले भी इस मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई करके नशे में प्रयुक्त होने वाली प्रतिबंधित दवाइयां न बेचने की चेतावनी दे चुकी है। मेडिकल संचालक के न मानने पर अब दुकान को सील करने और लाइसेंस रद्द करने की प्रकिया अपनाई है।