सिरसा।चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के एमपी हॉल के मुख्यद्वार से पीआरओ अमित सांगवान के साथ अकेले
सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में सोमवार को आयोजित 12वां त्रिवेणी युवा महोत्सव पहले ही दिन अव्यवस्था की भेंट चढ़ गया। साउंड सिस्टम से लेकर मुख्यातिथि के स्वागत तक सभी जगह अव्यवस्थाएं नजर आईं। इससे लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा नाराज हो गए। उनके स्वागत के लिए कोई ऑडिटोरियम के गेट पर नहीं आया और वे अकेले ही मंच पर पहुंच गए। बाद में मंत्री को विवि कुलपति प्रो विजय कुमार व भाजपा नेता पगड़ी पहनाकर मुख्य स्टेज पर लेकर आए।
मुख्यातिथि के भाषण तक साउंड सिस्टम पूरी तरह से ठीक चला। उसके बाद शुरू हुई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान साउंड सिस्टम में दिक्कत आनी शुरू हो गई। एक घंटे तक मंच पर अपनी प्रस्तुति देने के लिए आने वाले प्रतिभागियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को उनके गाने समय पर नहीं मिले, कभी माइक बीच में बंद हो गया। लाउडस्पीकर से म्यूजिक की जगह फटी हुई आवाजें निकल रही थी। कई बार तकनीकी टीम ने साउंड सिस्टम को दुरुस्त किया, लेकिन उसमें कमियां लगातार बनी रही। युवा न गीत ठीक से सुन पाए और न ही कलाकार अपनी प्रस्तुति सही तरह से दे पाए। बाद में तकनीकी टीम ने साउंड सिस्टम में सुधार कर व्यवस्था बनाई।