मानसून की विदाई का समय है, लेकिन विदाई से पहले शनिवार को सिरसा में आठ, रोड़ी में 30, गोलेवाला में 40, कालांवाली में 10 एमएम बारिश आफत बनकर बरसी। बारिश से शहर में जहां कीचड़ व निचले इलाकों में पानी भरने से लोग परेशान हैं, वहीं फसलों को भी नुकसान हुआ है। नरमे की फसल अब खिलकर तैयार है। ऐसे में बारिश के कारण रूई की क्वालिटी पर अब काफी बुरा प्रभाव पड़ेगा।
तीन दिन से बदले मौसम ने ठंडक बढ़ा दी है। शनिवार को अलसुबह से ही सिरसा में हल्की बूंदाबांदी होना शुरू हो गई, जो दिनभर जारी रही। दोपहर बाद कुछ समय के लिए हल्की धूप निकली, लेकिन इसके कुछ समय बाद ही फिर से काले बादल छा गए। सिरसा में बीते दिन 12 एमएम बारिश दर्ज की गई थी।
वहीं शनिवार को आठ एमएम बारिश से कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं मुख्य सड़क और गलियों में बने गड्ढे के कारण शहरवासियों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं गड्ढों में पानी भरने के कारण सड़की की रोड़ी भी बाहर निकली भी शुरू हो गई है। मौसम विशेषज्ञ अनुसार आने वाले दो दिनों तक मौसम साफ होने का अनुमान है। इससे कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
30 फीसदी तक बढ़े मरीज
मौसम में बदलाव होने के कारण अब नगारिक अस्पताल में मरीजों की संख्या भी पहले से बढ़ना शुरू हो चुकी है। अस्पताल में खांसी, बुखार व जुकाम के मरीज पहले से करीब 30 फीसदी तक बढ़ गए हैं।
पहले मुश्किल से तैयार हुई फसल, अब फिर से स्थिति हुई खराब
किसान रमेश कुमार, मनीष कुमार, रामलाल, हरी सिंह, जगदेव सिंह ने कहा कि पहले मुश्किल से ही फसल को तैयार किया है, लेकिन तीन दिनों से मौसम खराब होने के कारण फिर से परेशानी बढ़ गई है। बारिश के कारण नरमे की फसल पर अधिक प्रभाव पड़ा है। नरमे की चुगाई का कार्य चल रहा है। लेकिन अब रूई पर पानी पड़ने से वह खराब हो गई है। इसकी क्वालिटी पर काफी प्रभाव पड़ेगा।
इन स्थानों पर हुई है इतनी बारिश
स्थान एमएम
- सिरसा 08
- गोलेवाला 40
- रोड़ी 30
- कालांवाली 20
- पंजुआना 10
- अबूबशहर 04
- नहराणा 08
- ओटू बूंदाबांदी
- डिंग 10
नोट: आंकड़े शाम चार बजे तक
बारिश के कारण धंसी शहर की बरनाला रोड। संवाद
कपास मंडी के बाहर जलभराव के बीच से गुजरते वाहन चालक । संवाद
सिरसा में हल्की बारिश से खिली हुई नरमे की फसल की क्वालिटी पर प्रभाव पड़ेगा। अन्य किसी भी तरह की बीमारी फैलने का अभी डर नहीं है। धान की भी कटाई का काम चल रहा है।
- डॉ. बाबूलाल, कृषि उपनिदेशक, कृषि विभाग सिरसा।