- शिव चौक पर टैंकर खाली करने से फैला दूषित पानी व दुर्गंध
- हाथी पार्क स्थित विभागीय दफ्तर के बाहर भी ओवरफ्लो हुई लाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर में सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने के दावे के बीच जनस्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। विभाग कॉलोनियों से सीवरेज लाइन को टैंकरों से खाली करवा रहा है लेकिन वहीं दूषित पानी मुख्य मार्गों पर खुलेआम बहाया जा रहा है।
रविवार को रानियां रोड स्थित शिव चौक पर सीवरेज का काला पानी सड़क पर खाली कर दिया गया। इससे पूरे क्षेत्र में जलभराव और दुर्गंध फैल गई जिससे लोगों को भारी परेशानी हुई।
हाथी पार्क स्थित जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय के सामने भी सीवरेज लाइन ओवरफ्लो हो गई है। इसका गंदा पानी आंबेडकर चौक पर जमा होने से यातायात बुरी तरह बाधित हो रहा है।
पंद्रह दिन पहले भी इसी जलभराव के कारण चौक की सड़क उखड़ गई थी और गहरे गड्ढे बन गए थे। अब दोबारा पानी भरने के कारण सड़क फिर से क्षतिग्रस्त होने लगी है। विभागीय अधिकारियों की इस अनदेखी से स्थानीय नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है।
मरम्मत के बीच वीडियो वायरल
शिव चौक से वाल्मीकि चौक के बीच इन दिनों जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा सीवरेज लाइन की मरम्मत करवाई जा रही है। मरम्मत कार्य के कारण सड़क पर पहले से ही पानी जमा हुआ था। इसी बीच रविवार को एक टैंकर चालक द्वारा सड़क पर गंदा पानी खाली करने का वीडियो बनाया गया। स्थानीय लोगों ने यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में टैंकर से स्पष्ट रूप से काला और दूषित पानी निकलता हुआ दिखाई दे रहा है।
अधिकारियों की सफाई और पल्ला झाड़ना
वीडियो वायरल होने के बावजूद विभागीय अधिकारी अपनी जिम्मेदारी लेने से पूरी तरह बच रहे हैं। अधिकारी इस घटना को पेयजल लाइन की लीकेज और मिट्टी युक्त पानी बताकर मामले से पल्ला झाड़ रहे हैं। जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ रूपराम नागल ने दावा किया है कि शिव चौक के पास पेयजल लाइन में लीकेज है। उनके अनुसार गंदा पानी खाली करने वाला टैंकर विभाग का नहीं है और उसमें केवल मिट्टी युक्त पानी होने का अनुमान है।