शहर में मंगलवार को अमेरिका निवासी एक एनआरआई से चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के पास बाइक सवार लुटेरों ने हथियारों के बल पर लाखों रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक से लेकर निचले स्तर के सभी पुलिस अधिकारी मौके पर पहुुंचे। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
अमेरिका में रहने वाले एनआरआई मुख्तयार सिंह कुछ समय पहले स्वदेश से आकर सिरसा के हुडा सेक्टर 20 में रहने लगे हैं। मुख्तयार ने सदर क्षेत्र के गांव शहीदांवाली में 28 किले जमीन भी खरीद रखी है। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे मुख्तयार सिंह अपने बच्चों को कपड़े दिलवाने कार में सवार होकर बाजार जा रहे थे। बाजार पहुंचने पर उन्हें याद आया कि वे रुपये लाना भूल गए हैं।
उन्होंने रोड़ी बाजार स्थित एक शोरूम में बच्चों को बैठाया और रुपये लेने के लिए घर पहुंचा। डेढ़ बजे मुख्तयार कार में सवार होकर डबवाली बाईपास मार्ग से बाजार की तरफ जा रहे थे। चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के पास दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने कार के आगे बाइक लगा दी। मुख्तयार जैसे ही कार से बाहर निकले तो लुटेरों में शामिल एक सिख युवक ने उनके सिर पर पिस्टल तान दी और कार में पड़ा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
बैग में आठ लाख 64 हजार रुपये थे। मुख्तयार सिंह ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जिले भर में नाकाबंदी कर दी गई लेकिन लुटेरे सभी को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस अधीक्षक मितेश जैन, डीएसपी सिटी धर्मवीर, एसएचओ सिटी मौजीराम, सीआईए प्रभारी प्रदीप कुमार व हुडा चौकी प्रभारी राज कुमार वारदात स्थल पर पहुंचे। शहर से बाहर जाने वाले रास्तों पर वाहनों की जांच की जाने लगी लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली।
लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज
शहर थाना प्रभारी मौजी राम ने बताया कि पुलिस ने एनआरआई मुख्तयार से गहन पूछताछ के बाद अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। जल्द ही लूट की इस वारदात को सुलझा लिया जाएगा।