दिग्विजय चौटाल द्वारा डाली गई पोस्ट। सोशल मीडिया
दिग्विजय ने लिखा- चिट्टा, अफीम डबवाली व चौटाला में कौन बेचता है, यह सब जानते हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला इन दिनों सिरसा में 27 सितंबर के मेवात में होने वाले कार्यक्रम के लिए हलकों के कार्यकर्ताओं को निमंत्रण देने के साथ-साथ उनकी जिम्मेदारी सौंप रहे हैं। वह लगातार जिले में बढ़ रहे नशे पर सरकार को घेरने का काम कर रहे हैं।
बीते दिनों गांव डबवाली में एक कार्यक्रम के दौरान अभय चौटाला ने कहा कि मेरे गांव चौटाला में बड़े स्तर पर नशा बिक रहा है। इसके लिए पुलिस को एक सप्ताह का समय देता हूं।
पुलिस प्रशासन को इनेलो सुप्रीमो की यह चेतावनी देने पर जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला ने रविवार शाम को एक पोस्ट डाल दी। उन्होंने कहा कि जी, चिट्टा, अफीम डबवाली व चौटाला में कौन बेचता है। यह सब जानते हैं। जिनके घर खुद शीशे के हों...। पुलिस पर किसका दबाव है और कौन पनाह देता है।
इस पोस्ट ने दोनों परिवारों के बीच राजनीतिक सरगर्मियां फिर तेज कर दी हैं। चाचा-भतीजे के बीच फिर से खींचतान देखने को मिली है। यह पहली बार नहीं है जब दिग्विजय चौटाला ने अभय सिंह चौटाला को निशाने पर लिया है। इससे पहले भी वह उन पर कटाक्ष करते रहे हैं। अब नशे पर पोस्ट करना जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।