सिरसा। ऑपरेशन स्माइल के तहत रविवार को नाथूसरी चोपटा थाना क्षेत्र में स्थित ईआरवी डायल 112 की पुलिस टीम ने गुमशुदा मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चे को मात्र 10 मिनट में सकुशल ढुंढकर उसके परिजनों को लौटा दिया। गुमशुदा मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चे की माता कृष्णा देवी ने डायल 112 पर कॉल कर बताया कि उसका बच्चा आरूष सुबह से गुम हो गया है।
उन्होंने काफी जगहों पर तलाश की है, लेकिन बच्चे का कोई अता-पता नहीं है। ईआरवी डायल 112 पर तैनात पुलिस कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए गुमशुदा मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चे की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने नाथूसरी चोपटा से भट्टू रोड पर तमन्ना होटल के पास एक 7-8 साल के बच्चे को घूमते हुआ देखकर बच्चे बातचीत की।
वह बोलने में असमर्थ था। पुलिस पार्टी ने तुरंत गुमशुदा बच्चे के परिजनों से संपर्क कर बच्चे को लौटा दिया। डायल 112 के इस सराहनीय कार्य से परिजनों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। बच्चे के परिवारजनों ने डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मी इंचार्ज ईएसआई सोहन लाल, भूप सिंह व एसपीओ विकास कुमार का तहदिल से धन्यवाद करते हुए कहा कि आज पुलिस की वजह से हमारा बच्चा सकुशल लौट आया है। आमजन ने जिला पुलिस की ओर से चलाई जा रही मुहिम ऑपरेशन स्माइल की तारीफ की है।