सिरसा। अनाज मंडी स्थित श्री श्याम बगीची धाम में श्री श्याम सेवा ट्रस्ट की ओर से निर्जला एकादशी के उपलक्ष्य में वीरवार देर शाम को भजन संध्या व भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भजन मोर छड़ी लहराई रे रसिया ओ सांवरे..... पर श्रद्धालु झूमे।
श्री श्याम बगीची धाम के मुख्य सेवक पवन गर्ग ने बताया कि निर्जला एकादशी पर वीरवार को सुबह निशान यात्रा का आयोजन किया गया। निशान यात्रा पटेल बस्ती स्थित खाटू श्याम मंदिर से शुरू होकर शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए श्याम बगीची धाम में पहुंचकर संपन्न हुई। इसके बाद बगीची धाम में निर्जला एकादशी के उपलक्ष्य में आम पाना, आइसक्रीम मिल्क शेक, जलजीरा, दही भल्लों की छबील लगाकर सेवा की गई। शाम को सवा सात बजे मनोहर लाल बंसल ने सपरिवार पूजा-अर्चना की।
मंदिर के पुजारी राकेश शास्त्री, दुली चंद शर्मा व धनंजय शुक्ला ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। इसके बाद बाबा श्याम की पावन ज्योत प्रज्जवलित की गई और आरती की गई। राजेंद्र गनेरीवाला ने सदैव की भांति गणेश वंदना से भजन संध्या का आगाज किया।
इसके बाद उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया और भजन- भर दे श्याम झोली भर दे, बोलो वीर हनुमाना अति बलवाना, लहर-लहर लहराए रे झंडा बजरंग बली का, मेरी झोपड़ी के भाग्य खुल जाएंगे राम आएंगे, हम तो बाबा के भरोसे चलते हैं, खाटू वाले श्याम मेरी रखोगे लाज, साथी हमारा कौन बनेगा तुम ना सुनोगे तो कौन सुनेगा सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति दी।
बाद में जयपुर से आई भजन गायिका साक्षी अग्रवाल ने भजन- सुन ले कन्हैया अर्जी हमारी, सांवरे जब तू मेरे साथ है तेरे हाथों में मेरा हाथ है, बड़ी दूर से चलकर आया हूं बाबा तेरे दर्शन के लिए, मोर छड़ी लहराई रे रसिया ओ सांवरे, दानी होकर क्यूं चुप बैठे हो ये कैसी दातारी है, हम भीड़ नहीं हैं बाबा हम दिवाने हैं तुम्हारे, ये चमक ये दमक सब कुछ सरकार तुम्ही से है सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति दी। जिन पर श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया। भजन संध्या के दौरान रात सवा आठ बजे भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें हजारों की संध्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।