सिरसा। राजकीय नेशनल महाविद्यालय स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के अध्ययन केंद्र में सोमवार को सत्र जुलाई 2025 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन मीट का आयोजन किया गया। इसमें लगभग 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया। अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. नवीन कुमार ने विद्यार्थियों को केंद्र में संचालित विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने प्रवेश प्रक्रिया, अध्ययन सामग्री, असाइनमेंट, परीक्षा प्रणाली एवं शैक्षणिक कैलेंडर के बारे में विस्तार से बताते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन एवं समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया। राजकीय नेशनल महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरजिंदर सिंह ने कहा कि जीवन में लक्ष्य का निर्धारण अत्यंत आवश्यक है। इग्नू जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय के माध्यम से विद्यार्थी अपने शैक्षणिक व व्यावसायिक लक्ष्यों को आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अमित कुमार जैन ने ऑनलाइन की सहभागिता
कार्यक्रम में इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अमित कुमार जैन ने ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की। उन्होंने इग्नू द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों, असाइनमेंट जमा करने की प्रक्रिया, परीक्षा प्रणाली तथा ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समय पर असाइनमेंट जमा करने एवं विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। केंद्र के पूर्व समन्वयक डॉ. वेदपाल आर्य ने विद्यार्थियों को अध्ययन के दौरान आने वाली सामान्य समस्याओं के बारे में बताया और उनके समाधान के लिए उपयोगी सुझाव साझा किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता इग्नू अध्ययन केंद्र 1014 के सह-समन्वयक पवन कुमार ने की।
पुस्तकालय विज्ञान की दी जानकारी
डॉ. दलजीत सिंह, सहायक ने मनोविज्ञान विषय के विद्यार्थियों को प्रायोगिक कक्षाओं से संबंधित जानकारी दी, जबकि कुलदीप अरोड़ा ने पुस्तकालय विज्ञान से जुड़ी गतिविधियों एवं संसाधनों के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया। कार्यक्रम के समापन पर समन्वयक डॉ. नवीन कुमार ने आश्वासन दिया कि वे अध्ययन केंद्र को शैक्षणिक गुणवत्ता और सुविधाओं के मामले में नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। कार्यक्रम में कमल भट्टाचार्या, अंजना, कुमारी दीपा, अंकुश मेहता, रजत बांसल, शिखा, गुरसिमरन, नुनु, जितेंद्र, लखविंदर सिंह, बलविंदर सिंह, अनिल कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।