डेरामुखी गुरमीत राम रहीम सिंह शनिवार को 40 दिन की पैरोल पर एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है। रोहतक से उसे यूपी के बागपत भेजा गया। जहां से सोशल मीडिया पर लाइव होकर डेरामुखी ने अनुयायियों को संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार प्रबंधकों के निर्देश अनुसार काम करें, अफरा-तफरी न मचाएं। दूसरी ओर डेरा में खूब जश्न हुआ और डेरा अनुयायी ढोल की थाप पर थिरके।
सोशल मीडिया चैनल सेंट एमएसजी पर लाइव होकर डेरामुखी ने संबोधित किया। डेरामुखी ने कहा कि वे संगत के दर्शनों के लिए यूपी आश्रम में पहुंच चुके हैं। मालिक सबको खुशियां दें और अपनी दया मेहर से नवाजे। उन्होंने संगत से आह्वान किया कि आपने पहले की तरह वचनों को मानते रहना है और अपने घरों में रहना है। आपको जैसे-जैसे जिम्मेदार बताएंगे, उनके मुताबिक चलना है।
मनमर्जी नहीं करनी, भगदड़ नहीं करनी। यह बातें आपने जरूर माननी है। आपके दर्शन करते रहेंगे और आपसे बाते होती रहेंगी। डेरामुखी ने कहा कि संत जो होते हैं, उनके लिए भगवान की औलाद अपनी औलाद होती है। इसलिए जो भगवान की औलाद है, वह हमारी औलाद है। इसलिए हम सारी भगवान की औलाद को अपना आशीर्वाद देते हैं और भगवान सबको खुशियां दें तथा अंदर बाहर से मालामाल करें।
डेरा में जश्न, अनुयायियों ने मनायी खुशी
शनिवार को डेरा में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अनुयायियों ने एकत्र होकर खुशियां मनाई। ढोल की थाप पर नाचे और खूब मनोरंजन किया। इस दौरान महिलाओं ने डेरामुखी के चित्र के साथ यात्रा भी निकाली। उन्होंने कहा कि अब त्योहार खूब अच्छे से मनाएंगे।