सिरसा। मंडियों से गेहूं के उठान की धीमी रफ्तार को लेकर उपायुक्त आरके सिंह ने वीरवार देर शाम को सिरसा अनाजमंडी का दौरा किया। इस दौरान वह पूरी अनाजमंडी में घूमे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। इतना ही नहीं, मंडी में खाली खड़े ट्रकों को लेकर उपायुक्त ने अधिकारियों को जवाब तलब किया।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मंडी में आने के ट्रक खाली खड़े नजर नहीं आने चाहिए। जितना जल्द हो सके, मंडी में आने वाले ट्रकों को अनाज से भरकर गोदामों तक पहुंचाओं। वहीं ठेकेदार को कहा कि एक सप्ताह के अंदर सारी गेहूं और सरसों गोदामों में होनी चाहिए।
उपायुक्त आरके सिंह ने कहा कि लेबर का बहाना न बनाते हुए अतिरिक्त ट्रक और लेबर लगाकर गेहूं का उठान करवाए। यदि कोई बड़ी परेशानी आ रही है तो उससे अवगत करवाए। उठान के कार्य में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उठान में आई तेजी, अब शेड के नीचे बची बोरियां
उपायुक्त आरके सिंह के निरीक्षण करने के बाद शुक्रवार को मंडियों में उठान के कार्य में तेजी आई। शेड के चारों ओर रखी गई बोरियों का उठान हो गया, लेकिन आढ़तियों की दुकानों के बाहर तिरपाल के नीचे बोरियों के ढेर अभी भी लगे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मंडी में एक सप्ताह के अंदर सरसों का शत प्रतिशत तो गेहूं का 70 प्रतिशत से ज्यादा उठान हो जाएगा।
सरसों की हो रही निजी खरीद
30 अप्रैल को सरसों की सरकारी खरीद बंद होने के बाद भी मंडियों में सरसों पहुंच रही है। मंडियों में मौजूदा समय में पहुंचने वाली सरसों की खरीद निजी एजेंसी की ओर से की जा रही है।