सिरसा शहर में किया जा रहा घर निर्माण कार्य
- फोटो : Sirsa
सिरसा। शहर में पेयजल की किल्लत अब गहराने लगी है। ऐसे में निर्माणाधीन मकान कार्यों में पेयजल का उपयोग करने वालों के खिलाफ अब जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग सख्त हो गया है। गर्मी के सीजन में पेयजल की किल्लत को देखते हुए विभाग अब ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगा। निर्माणाधीन मकानों में पेयजल का उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान विभाग वीडियो बनाकर उसे वायरल भी करेगा, ताकि लोगों को ऐसा करने से रोका जा सके। गर्मी बढ़ने के साथ ही पेयजल की खपत बढ़ गई है। विभाग की ओर से पेयजल को आवश्यकतानुसार उपयोग करने का आह्वान किया जा रहा है, इसके बावजूद लोग इसका अनुपयोग कर रहे हैं, जिस कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पेयजल किल्लत को रोकने के लिए अब जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग की टीमें फील्ड में उतरेगा तथा निर्माण कार्यों में पेयजल का उपयोग करने वालों पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला जाएगा। शहर में अनेक स्थानों पर निर्माण कार्य चल रहे हैं। परंतु यहां पर निर्माण के दौरान पेयजल के लिए सप्लाई होने वाले पानी को उपयोग में लिया जा रहा है। शहर में पेयजल किल्लत को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है। समय पर पानी सप्लाई नहीं मिलने के कारण लोग धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। अनावश्यक रूप से पेयजल बहाने वालों को विभाग द्वारा चेतावनी देने के बावजूद इस पर रोक नहीं लगी है। जिसके चलते अब विभाग की टीम शहर का निरीक्षण कर ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी, ताकि शहर में बढ़ रही पेयजल की किल्लत को रोका जा सके।
निर्माण कार्यों में व्यर्थ बहता है हजारों लीटर पानी
शहर की हर कॉलोनी और गली में मकानों का निर्माण कार्य चलता हुआ दिखाई दे जाएगा। इन सभी स्थानों पर मकान मालिकों की ओर से कोई भी अलग से पानी की व्यवस्था नहीं की जाती। पेयजल पानी की सप्लाई शुरू होते ही टैंक और डिग्गी को भर लिया जाता है और दिनभर इसी का उपयोग निर्माण कार्य करने में किया जाता है। एक स्थान पर चलने वाले निर्माण कार्य में चिनाई, तराई सहित अन्य कार्यों में हजारों लीटर पानी व्यर्थ बहता है। निर्माण कार्य में पेयजल के उपयोग पर रोक लगी हुई है। इसके बावजूद अनावश्यक रूप से पेयजल को व्यर्थ बहाया जा रहा है। जिसके चलते अब विभाग की टीम ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
निर्माण कार्यों में पेयजल का उपयोग करने वालों के खिलाफ विभाग सख्त कार्रवाई करेगा। निर्माण कार्यों में लाखों लीटर पानी को व्यर्थ बहाया जा रहा है, जिस कारण शहरवासियों को परेशानी हो रही है।
- मोहनलाल, जेई, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग सिरसा