बाल भवन रोड स्थित हेलन केलर स्कूल
सिरसा। बाल भवन रोड स्थित हेलन केलर स्कूल में हरियाणा सरकार की ओर से जारी हुए आदेशों को लागू करवाने के लिए अभिभावकों और स्टाफ सदस्यों ने अतिरिक्त उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने मांग की कि सरकार के आदेशों के अनुसार गैर सरकारी सदस्यों को पूर्ण रूप से हटाकर दृष्टि बाधित बच्चों के नए शिक्षा सत्र 2024-25 को सुचारू रूप से चलाने की अनुमति दी जाए।
एडीसी को दिए ज्ञापन देते हुए अभिभावक व स्टाफ सदस्यों साईंदास, किरपाल, गोवर्धन, वजीरचंद, भागीरथ, वजीर सिंह, प्रियंका, बाला, किरण, सरोज, संजय कुमार, राजेश कुमार, तुषार श्रीवास्तव, अमित अनुपम व पवन कुमार ने बताया कि हेलन केलर दिव्यांग विद्यालय में निजी हस्तक्षेप के कारण बच्चों की शिक्षा के अधिकारों का हनन, स्टाफ सदस्यों, अभिभावकों के प्रति दुर्व्यवहार जैसी बहुत सी अनियमितताएं काफी समय से चल रही थी। जिसको लेकर 4 मार्च को स्कूल स्टाफ, अभिभावक एवं संघर्ष समिति ने सामर्थ्य इंस्टीट्यूट फॉर डिसेबल के साथ मिलकर अपनी समस्याओं की मांगों को लेकर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन शुरू किया था। मुख्यमंत्री को भी इस संबंधी शिकायत पत्र भेजा गया था।
पत्र के बाद मुख्यमंत्री ने 14 मार्च को समस्या के समाधान हेतु स्कूल को जिला प्रशासन के अंतर्गत चलाने के आदेश दिए। परंतु उसके बाद भी आदेश अभी तक पूर्ण रूप से लागू नहीं किया गया है। उन्होंने मांग की कि प्रदेश सरकार की ओर से आए आदेशों को अति शीघ्र लागू करते हुए निजी हस्तक्षेप को समाप्त कर गैर सरकारी सभी सदस्यों को पूर्ण रूप से हटाया जाए। उपायुक्त के आदेश पर धरना समाप्त करवाकर सभी स्टाफ सदस्यों की उपस्थिति दर्ज करवाने का काम करें। ताकि दिव्यांग बच्चों के हित में शिक्षा सुचारू रूप से चलती रहे।