ओढां। गांव पन्नीवाला मोटा में रोडवेज बस सेवा बंद होने से ग्रामीणों को हो रही परेशानी के समाधान के लिए ग्रामीणों ने हरियाणा रोडवेज के डबवाली डिपो के यातायात प्रबंधक (टीएम) सुभाष चंद्र को मांग पत्र सौंपा।
ग्रामीणों ने रानियां से कालांवाली वाया पन्नीवाला मोटा एवं खारियां रूट पर रोडवेज बस सेवा शुरू करवाने की मांग की। टीएम ने ग्रामीणों को उनकी मांग पर गंभीरता से विचार कर जल्द आवश्यक कार्रवाई का प्रयास करने का आश्वासन दिया।
वीरवार को गांव में लाइब्रेरी के उद्घाटन अवसर पर पहुंचे टीएम सुभाष चंद्र को सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप बेनीवाल, अजयपाल, राकेश पटीर, संदीप बादल, विनोद लूणा, मोहर सिंह सोढ़ी, राम लखन, महेंद्र लुटासरा, सुनील पंच और देवीलाल वर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि कई वर्ष पहले रानियां से कालांवाली वाया पन्नीवाला मोटा एवं खारियां के लिए निजी बस सेवा संचालित होती थी। हालांकि कुछ वर्षों से यह सेवा बंद है।
ग्रामीणों ने बताया कि बस सेवा बंद होने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मजदूरों, महिलाओं और अन्य यात्रियों को आवागमन में परेशानी हो रही है। लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।
उन्होंने बताया कि कालांवाली क्षेत्र की प्रमुख व्यापारिक मंडी है। गांव के लोग शिक्षा, रोजगार, व्यापार और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए वहां आते-जाते हैं। नियमित बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।