संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। नियमितीकरण की मांग को लेकर अनुबंधित कंप्यूटर प्रोफेशनल्स (कंप्यूटर ऑपरेटर्स) ने सामूहिक अवकाश ले लिया। ऐसे में सरल केंद्रों से रजिस्ट्रियां, इंतकाल, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन सहित मिलने वालीं 20 से ज्यादा सरकारी सेवाएं ठप हो गई। इसके कारण 1500 से ज्यादा लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सरल केंद्रों और डीसी, एसडीएम, तहसील सहित अन्य सरकारी कार्यालयों में अनुबंध के आधार पर कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है। उक्त कर्मचारी कई जगह करीब 18 से 20 सालों से काम कर रहे हैं। उन्हें न तो आज तक नियमित किया गया और न ही अन्य सुविधाएं दी जा रही। ऐसे में उक्त कर्मचारियों ने हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल्स संघ के बैनर तले विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। मंगलवार को संघ के बैनर तले जिले के करीब 180 अनुबंधित कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर चले गए। इनमें करीब 120 कर्मचारी तो ऐसे हैं जो या तो क्लर्क का कामकाज देख रहे हैं या फिर कंप्यूटर प्रोफेशनल्स हैं।
सरल केंद्रों पर लटके ताले, आम जन को लौटना पड़ा वापस
अनुबंधित कर्मचारियों और कंप्यूटर ऑपरेटर्स के सामूहिक अवकाश पर चले जाने के कारण मंगलवार को सभी सरल केंद्रों पर ताला लटक गया। हड़ताल की सूचना न होने के कारण लोग दूर-दूर से आए और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। सिरसा लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र में 20 से ज्यादा सेवाएं मिलती हैं। इसके अलावा ऐलनाबाद, डबवाली सहित अन्य केंद्रों पर भी संचालित हैं। सिरसा स्थित सरल केंद्र में 300 से ज्यादा लोग प्रतिदिन आते हैं।
ये हैं मांगे
1. सरकार की ओर से ईटीएस की बाईलाज जारी किए गए थे, जोकि लागू नही किये गये। उन्हें विस्तृत रूप से एनएचएमएसएसए की तर्ज पर लागू किए जाएं।
2. हरियाणा सरकार के शीर्ष में जमा करवाने का प्रावधान करते हुए डीआईटीएस में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए बजट का प्रावधान करवाया जाए।
3. डीआईटीएस में कार्यरत कर्मचारियों के पद स्वीकृत किए जाएं।
4. डीआईटीएस में कार्यरत कर्मचारियों को 58 वर्ष तक सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए।
5. डीआईटीएस में कार्यरत कर्मचारियों को ग्रेच्युटी अधिनियम के तहत लाभ प्रदान किया जाये।
6. जिन कर्मचारियों का डाटा हरियाणा कौशल रोजगार निगम के पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है, उनको वापस डीआईटीएस में किया जाये।
7. डीआईटीएस में कार्यरत जिन कर्मचारियों का वेतनमान 21000/-रूपये से अधिक हैं उन्हें आयुष्मान भारत स्कीम का लाभ दिया जाए।
8. कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ प्रदान किया जाए।
9. मेडिकल अवकाश/अर्जित अवकाश/मेटरनिटी अवकाश का प्रावधान किया जाए।
10. वार्षिक वेतन वृद्धि व डीए का लाभ प्रदान किया जाए।