जनता भवन रोड स्थित ग्रीन बेल्ट में बना धार्मिक स्थल।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। शहर के जनता भवन रोड पर हुडा ग्रीन बेल्ट में धार्मिक स्थल की आड़ में किए जा रहे अतिक्रमण का मामला एक बार फिर गर्मा गया है। शिकायतकर्ता ने उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। इस मामले में शिकायतकर्ता करतार सिंह ने मुख्य सचिव को शिकायत भेजी थी। जिसके आधार पर सिटी थाना में शिकायतकर्ता के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में बताया गया कि इलाहाबाद बैंक के विपरीत स्थित हुडा पार्क में बच्चों के खेलने के लिए व बुजुर्गों के बैठने के लिए बैंच लगाए गए हैं। परंतु कुछ रसूखदार लोगों ने धार्मिक स्थल की आड़ में मंडली के नाम पर इस पार्क में अवैध रूप से कब्जा करके वहां स्थायी तौर पर अवैध निर्माण किया जा रहा है। इस पार्क को इसके बनाने के भिन्न उद्देश्य के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। शिकायत में बताया कि गया कि धार्मिक स्थल के की आड़ में किए गए अवैध अतिक्रमण स्थल पर देर रात्रि तक ऊंची आवाज में भजन चलाए जाते हैं। जिस कारण आस-पड़ोस में रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मंगलवार को शिकायतकर्ता के सिटी पुलिस थाना में बयान दर्ज किए गए हैं। जिसमें शिकायतकर्ता ने प्रशासनिक अधिकारियों को हुडा पार्क में हो रहे अवैध कब्जे के लिए जिम्मेदार ठहराया है। शिकायतकर्ता करतार सिंह ने अपने बयान में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
ये है पूरा मामला
जनता भवन रोड पर अनाज मंडी के साथ ग्रीन बेल्ट है। यहां पर कुछ लोगों ने धार्मिक स्थल का निर्माण पिछले वर्ष शुरू कर दिया। इसकी शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई। अनाज मंडी में रहने वाले कपिल गर्ग और करतार सिंह ने शिकायतें भेजी। हालांकि उस समय एचएसवीपी विभाग के अधिकारियों और नगर परिषद ने पत्र भी जारी किए। इससे स्पष्ट हो गया कि शिकायत सही है और अवैध कब्जा किया जा रहा है। उस समय हालांकि एक बार बिजली निगम अधिकारियों ने कनेक्शन भी काट दिया था लेकिन राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते दोबारा जोड़ दिया गया। नगर परिषद ने भी नोटिस जारी किया, फिर भी अधिकारियों ने लापरवाही से काम करते हुए कार्रवाई नहीं की।
अब आगे बढ़ने लगा कब्जा, दीवार तोड़ने का काम शुरू
शुरुआत में ग्रीन बेल्ट के कुछ ही हिस्से में धार्मिक स्थल बना था। लेकिन अब इसका विस्तार शुरू हो गया है। ग्रीन बेल्ट की दीवार भी तोड़कर गेट बड़ा कर दिया गया है। इतना ही नहीं पूरी ग्रीन बेल्ट में झंडे भी लगाए गए हैं। ऐसे में शिकायतकर्ता करतार सिंह ने कहा कि यदि इस पर यहीं रोक नहीं लगाई गई तो कब्जा बढ़ता ही जाएगा।