सिरसा। हाल ही में रिलीज हुई आदिपुरुष फिल्म का लाइसेंस निलंबित करवाने के लिए सिरसा के मां बगलामुखी मंदिर के पुजारी ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से मुख्य सचिव हरियाणा सरकार, जिलाधीश व केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड को लीगल नोटिस भेजा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही फिल्म का लाइसेंस रद्द नहीं होता तो वह कोर्ट का सहारा लेने पर मजबूर होंगे।
मां बगलामुखी मंदिर के पुजारी अशोक कुमार के अधिवक्ता सुनील नेहरा व राकेश सैनी ने बताया कि आदिपुरुष के संवादों ने हिन्दुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। जिस प्रकार फिल्म में दर्शाया गया है कि रावण के बेटे ने जलाई हनुमान की पूंछ, हनुमान जी के कालीन बिछाने, रावण द्वारा धमकी देने सहित कई ऐसे दृश्य फिल्माए गए हैं, जिनसे हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। इस फिल्म के डायलॉग अपमानजनक और हिंदू देवी-देवताओं को बदनाम करने वाले हैं। फिल्म में भगवान और देवी की छवियों के साथ खेला गया है। फिल्म में भयानक संवाद का इस्तेमाल किया गया है, जो भगवान हनुमान को अपमानित करता है और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की सभी सीमाओं को तोड़ता है। उन्होंने लीगल नोटिस के आधार पर फिल्म के लाइसेंस को रद्द न करने पर मजबूरन कोर्ट का सहारा लेने की चेतावनी दी है।