सिरसा। विभिन्न मांगों के लिए जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) की जिला कार्यकारिणी ने बुधवार को उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजा।
पार्टी ने रबी विपणन वर्ष 2027-28 के लिए गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में की गई 25 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को अपर्याप्त बताते हुए इसे कम से कम 150 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की।
जेजेपी के जिला प्रेस प्रवक्ता अमर सिंह ज्याणी ने बताया कि ज्ञापन में केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति द्वारा गेहूं का एमएसपी 25 रुपये बढ़ाकर 2610 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किए जाने का उल्लेख किया गया है। पार्टी ने इसे करीब एक प्रतिशत की वृद्धि बताते हुए कहा कि यह किसानों की बढ़ती उत्पादन लागत के अनुरूप नहीं है।
ज्ञापन में कहा गया कि खाद, बीज, कीटनाशक और कृषि मशीनों की कीमतें बढ़ने से खेती महंगी हो रही है। महंगाई, प्राकृतिक आपदाओं और बढ़ते कर्ज के कारण किसान आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। आरोप लगाया कि मंडियों में नमी के नाम पर कई बार फसलें एमएसपी से कम कीमत पर खरीदी जाती हैं। पिछले वर्षों में गेहूं के एमएसपी में औसतन 100 से 160 रुपये प्रति क्विंटल तक बढ़ोतरी होती रही है। इस बार की मामूली वृद्धि का हरियाणा और पंजाब के किसानों पर अधिक असर पड़ेगा।
इस दौरान जेजेपी जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के प्रधान महासचिव राधेश्याम शर्मा, जिला कार्यालय सचिव हरिसिंह भारी, प्रदेश संगठन सचिव रणदीप मट्टदादू, कोषाध्यक्षशहरी प्रधान दीपक भाटिया, किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शगनजीत सिंह गिल, युवा जिला प्रभारी शांतनु गोदारा आदि मौजूद रहे।
वोट चोरी के आरोपों पर जवाब मांगा :
ज्ञापन में केंद्रीय चुनाव आयोग पर वोट चोरी के लगाए गए आरोपों का मुद्दा भी उठाया गया। जेजेपी पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री से मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त सामने आकर इन आरोपों पर अपना पक्ष रखें। पार्टी ने कहा कि इससे जनता को मामले की वास्तविक स्थिति जानने का अवसर मिलेगा।