लोगों के घरों के आगे डाला गया मलबा व प्रदर्शन करते हुए गलीवासी।
रानियां। शहर के वार्ड नंबर 11 स्थित ऑटो मार्केट वाली गली को पक्का करने को लेकर लोगों के घरों के आगे मलबा लाकर डाल दिया गया। गलीवासियों में मलबा घरों के आगे डाले जाने को लेकर रोष बना हुआ है। इसको लेकर गलीवासियों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। जानकारी के मुताबिक वार्ड में ऑटो मार्केट में बिजली घर तक जाने वाली गली कच्ची है।
इस गली को पक्का करने के लिए वार्ड पार्षद ने शहर के किसी दूसरे क्षेत्र से उखाड़ा हुआ आरसीसी का मलबा यहां लाकर डलवा दिया। गलीवासी सुनील कुमार व हरी सिंह ने बताया कि उनके घरों के आगे मलबे का ढ़ेर लगा दिया गया है। जिससे उनका आना-जाने का रास्ता बंद हो गया है। ट्रैक्ट्रर-ट्रालियों की सहायता से कहीं ओर से उठाकर लाए गए भारी भरकम पत्थरों को इस गली में घरों के आगे डाल दिया गया है। इसकी शिकायत हमने नपा के वाइस चेयरमैन व वार्ड पार्षद से की है। शिकायत आने पर नगर पालिका के वाइस चेयरमैन व पार्षद मौके पर पहुंचें। उन्होंने इस संबंध में गलीवासियों से बातचीत की और उन्हें शांत करवाने का प्रयास किया। गलीवासी यहां से मलबा उठाने की मांग पर अड़े रहे। वार्ड पार्षद विक्की ने बताया कि यह क्षेत्र अनाधिकृत है। यह गली कच्ची होने के कारण लोगों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ रही है। नियमानुसार यहां पक्की गली नहीं बनाई जा सकती। हम अपने रिस्क पर काम करवा रहे है। गली को पक्का करने के लिए इन पत्थरों को यहां पर गिरवाया था।