कोरोना के मामले बढ़ने के साथ ही अब संक्रमितों की मौत का आंकड़ा भी बढ़ना शुरू हो चुका है। शनिवार को कुल 23 कोरोना के मामले आए हैं। साथ ही दड़बी गांव की 68 वर्षीय एक महिला की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। महिला सिरसा के एक निजी अस्पताल में दाखिल थी और लंबे समय से हार्ट, ब्लडप्रेशर और खून की कमी होने की बीमारी से पीड़ित दी। महिला का अंतिम संस्कार दड़बी गांव में ही अस्पताल की टीम द्वारा किया गया। अब तक जिले में कुल 117 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
शनिवार को राम नगरिया, तख्तमल, पिपली और नकौड़ा के स्कूलों में एक-एक शिक्षक, ओढ़ा के राजकीय गर्ल्स स्कूूल में एक छात्रा, सिरसा के हुडा सेक्टर 20 में पांच, गुरुतेग बहादुर कालोनी में एक, रानियां गेट पर एक, डबवाली में दो, कालांवाली में तीन, ओढां में दो, माधोसिघाणा में तीन, रानियां में चार और बड़ागुढ़ा में एक सहित कुल 23 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए है।
अस्पताल की टीम ने महिला का किया अंतिम संस्कार
दड़बी गांव की महिला लंबी समय से कई बीमारियों से पीड़ित होने और खून की कमी के चलते महिला कोरोना संक्रमित हो गई। इसके पश्चात महिला के शव को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा अस्पताल की टीम को सौंप दिया। अस्पताल की टीम शव को लेकर गांव दड़बी पहुंची और परिवार के किसी भी सदस्य को महिला के संपर्क में नहीं आने दिया गया है और अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं स्वास्थ्य विभाग टीम ने महिला के संपर्क में आने वाले सदस्यों के सैंपल भी लिए हैं और सदस्यों को लोगों से दूसरी बनाए रखने की अपील की है। ताकि अन्य कोई सदस्य संपर्क में न आ सके।
स्कूलों में बढ़ रहे कोरोना संक्रमितों के मामले
जिले के स्कूलों में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को भी नकौड़ा, पिपली, तख्तमल, राम नगरियां के स्कूल में एक-एक शिक्षक कोरोना संक्रमित पाया गया है। जबकि ओढां के गर्ल्स स्कूल में एक छात्रा कोरोना संक्रमित पाई गई है। स्कूूलों में अब तक कुल 14 संक्रमित होने के मामले सामने आ चुके हैं।
जिले में 117 कोरोना संक्रमितों की हो चुकी है मौत
16 फरवरी को जिले में एक कोरोना संक्रमित की मौत होने के बाद आंकड़ा 116 पर पहुंच गया था। इसके पश्चात शनिवार को दड़बी गांव की महिला की मौत हुई है। इजसके चलते विभाग की ओर से लोगों को जागरूक करने और नियमों की पालना करने की अपील भी की जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम करने पर भी पाबंदी लगाई गई है।
शनिवार को दो केंद्रों पर 106 को लगी वैक्सीन
शनिवार को जिले में दो केंद्रों पर कोरोना वैक्सीन प्रक्रिया चलाई गई। दिनभर कुल 106 लाभार्थियों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई है। विभाग की ओर से मंगलवार और बुधवार को फिर से कोरोना वैक्सीन का मेगा ड्राइव चलाया जाएगा। जिसको लेकर विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। जबकि एक अप्रैल के बाद से 45 वर्ष से अधिक आयु वाले सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कोरोना संक्रमण से दड़बी गांव की एक महिला की मौत हुई है। टीम ने गांव में ही महिला का अंतिम संस्कार किया है। परिवार के अन्य सदस्यों के भी सैंपल लिए हैं। कई स्कूलों में शिक्षक और बच्चे भी कोरोना संक्रमित मिले हैं, जिसके चलते स्कूलों को दो दिन के लिए बंद किया गया है।
- डॉ. विरेश भूषण, उप जिला चिकित्सक अधिकारी, नागरिक अस्पताल सिरसा