ओढां। गांव ओढां निवासी जिला परिषद सदस्य गुरप्रीत सिंह चहल पर धारदार हथियार से जानलेवा हुआ है। सिर में गंभीर चोट लगने के चलते उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना के बाद ओढां पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लेते हुए जांच-पड़ताल की और विभिन्न जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।
प्राथमिक जांच में हमले के पीछे आपसी रंजिश का होना सामने आया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। गुरप्रीत सिंह चहल बीती सोमवार रात्रि मोटरसाइकिल पर सवार हो कर गांव से अपनी ढ़ाणी की तरफ जा रहे थे। इस दाैरान रास्ते में मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनके सिर में तलवार से वार किए।
इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए गुरप्रीत सिंह को ओढां सीएचसी के बाद सिरसा रेफर कर दिया गया। सामने आया है कि घायल गुरप्रीत सिंह चहल के परिवार में काफी समय से जमीन का विवाद चल रहा है। कुछ दिन पूर्व ओढां में इसी विवाद के चलते बीती 14 जून को कैफे व मेडिकल स्टोर पर तोड़फोड़ व मेडिकल संचालक से मारपीट भी हुई थी। वहीं अगले दिन दोनों पक्षों के मध्य फिर से विवाद हुआ, जिसमें फायरिंग भी हुई थी। ओढां थाना प्रभारी ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि इस मामले में घायल के बयान उपरांत पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी। हमलावरों का पता लगाया जा रहा है।