नेशनल कॉलेज में चल रहे नए सत्र के दाखिलों को लेकर बच्चों को ऑन लाइन प्रक्रिया के चलते फीस भरने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंजीकरण प्रक्रिया को लेकर फीस जमा तक की सारी प्रक्रिया डायरेक्टर ऑफ हायर एजुकेशन ने अपने अंडर ले लिया है।
बीकॉम व बीए का पहला वर्ष पास कर चुके 930 छात्रों को दूसरे वर्ष में दाखिला लेने के लिए दो चरण बनाए हैं। जिसमें पहले चर्ण में छात्रों का पहले के साल का डाटा जांचा जाता है उसके बाद दूसरे चरण में छात्र को फीस के लिए चालान दिया जाता है। जिसके द्वारा वह अपनी फीस का भुगतान कर सकता है।
पहले चरण में आए छात्रों का पोर्टल पर अभी तक डाटा वेरिफाई नहीं हो रहा है। जब पोर्टल पर डाटा वेरिफाई करते हैं तो छात्र के द्वितीय वर्ष की जगह पहले वर्ष आता है। जिस कारण से छात्र का डाटा वेरिफाई नहीं हो पा रहा है। जिससे छात्र को अगले साल में दाखिला नहीं मिल रहा है। सोमवार को अपनी द्वितीय वर्ष की फीस का भुगतान करने आए छात्र सुमेर, रजनी, गुरप्रीत ने बताया कि जब उन्होंने फीस का भुगतान करने के लिए काउंटर पर बात की तो कॉलेज के फीस काउंटर पर कर्मचारियों ने बताया कि वह कुछ समय तक इंतजार करें। कर्मचारियों ने बताया कि पोर्टल में समस्या आ रही है जिस कारण से फीस का भुगतान नहीं हो पा रहा है।
मंगलवार को वेरिफिकेशन का अंतिम दिन
नेशनल कॉलेज में स्नातक कक्षाओं की 285 सीटों पर पंजीकरण करवा चुके छात्रों की दस्तावेजों की जांच की मंगलवार को अंतिम तारीख है। स्नातक में दाखिले को लेकर छात्रों का पंजीकरण करवाना अनिवार्य है।
आज जारी होगी दूसरी सूची
स्नातक कक्षाओं में दाखिले को लेकर नेशनल कॉलेज तथा राजकीय महिला महाविद्यालय में दूसरी सूची जारी की जाएगी। राजकीय महिला महाविद्यालय में 170 तथा नेशनल कॉलेज में 1000 सीटों के पर जारी की जाएगी सूची।
हमने डायरेक्टर ऑफ हायर एजुकेशन को इस समस्या के बारे में अवगत करवा दिया है। उन्होंने इस समस्या का हल करने के लिए कुछ समय मांगा है। वह जल्द ही बीए व बीकॉम के छात्रों को द्वितीय वर्ष में दाखिले तथा उनके फीस भरने का विकल्प जल्द ही खोल देंगे। इस कार्य को ऑफ लाइन नहीं किया जा सकता।
- रामकुमार जांगड़ा, नेशनल कॉलेज प्राचार्य, सिरसा।