फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: शहर की सुरक्षा पर अंधेरे का ग्रहण... मुख्य बाजार में स्ट्रीट लाइटें बंद, बढ़ा चोरी का खतरा

Sun, 20 Apr 2025 11:36 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
सिरसा के आर्य समाज रोड पर बंद पड़ीं स्ट्रीट लाइटें। संवाद
विज्ञापन
सिरसा। शहर के मुख्य बाजारों में स्ट्रीट लाइटों का बंद होना आमजन के लिए मुसीबत बन चुका है। पिछले तीन दिनों से आर्य समाज रोड, भादरा बाजार, हिसारिया बाजार, काठमंडी, जनता भवन रोड और मंडी रोड जैसे प्रमुख क्षेत्रों में रातभर अंधेरा पसरा रहता है। इससे न सिर्फ सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया है, बल्कि लूटपाट और चोरी की घटनाओं की आशंका भी लोगों को डरा रही है।
विज्ञापन


स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बिजली निगम द्वारा पोल बदले जाने के बाद नगर परिषद ने अब तक स्ट्रीट लाइटें दोबारा नहीं लगाई हैं। इससे बाजारों में रात के समय पूरी तरह अंधेरा छाया रहता है। शहर के जागरूक नागरिक संजय कुमार ने बताया कि वह रोज सुबह सैर के लिए निकलते हैं, लेकिन अब स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण डर लगने लगा है। उन्होंने बताया कि एक दिन जब मैं काठमंडी रोड पर टहलने गया, तो कुछ युवक ई-रिक्शा बीच सड़क पर लगाकर खड़े थे। अंधेरे के कारण कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। जब मैंने मोबाइल की फ्लैश लाइट चलाई तो वे युवक वहां से हटे। अगर सतर्क न होता तो कुछ अनहोनी हो सकती थी।



:::::::::::::::::::::::::::::::

बिना लाइट के चल रहा निर्माण कार्य

हिसारिया बाजार में इन दिनों बरसाती लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। प्रेम कुमार नामक स्थानीय निवासी ने बताया कि यहां भी स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। अंधेरे के कारण राहगीरों के गिरने या वाहन दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। उन्होंने कहा कि काम सुबह करना पड़ता है, लेकिन अंधेरे में बाहर निकलना खतरे से खाली नहीं।
विज्ञापन




:::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::

लाइटें उतारीं पर वापस लगाने की जहमत नहीं उठाई

जनता भवन रोड के निवासियों ने बताया कि बिजली निगम ने एक सप्ताह पहले मरम्मत कार्य करते हुए पोल बदले और लाइटें हटा दीं, लेकिन काम पूरा हुए तीन-चार दिन हो चुके हैं, लाइटें अब तक वापस नहीं लगाई गईं। इस रोड पर अस्पताल और मंडी जैसे महत्वपूर्ण स्थान हैं, जहां रात के समय भी आवागमन बना रहता है। इसके बाद नगर परिषद में जाकर शिकायत दर्ज करवाई।



::::::::::::::::::::::::::::::::

नगर परिषद पार्षदों को खुश करने में व्यस्त, जनता की शिकायतें लंबित

नगर परिषद की लाइट शाखा इन दिनों साधारण बैठक में बांटी गई 25- 25 लाइट प्रत्येक वार्ड में लगाने में जुटी हुई है। जनता से ज्यादा पार्षदों को संतुष्ट किया जा रहा है, ताकि पार्षद शोर न मचाए। वहीं, पार्षदों के चक्कर में 100 से ज्यादा शिकायतें नगर परिषद के पास पेंडिंग पड़ी हैं। इन पर कार्यवाही नहीं होने के कारण यह समस्या पैदा हुई है।



::::::::::::::::::::::::::::::::::

कोट्स

शहर के बाजारों में स्ट्रीट लाइट बंद है तो उसे जल्द से जल्द शुरू करवाया जाएगा। सोमवार को सभी स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करवाई जाएगी, ताकि आमजन को समस्या न आए। - प्रवीण शर्मा, जेई , नगर परिषद।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें