सिरसा। जिले में गेहूं की बिजाई जोरो से चल रही है। धान, नरमा की कटाई के बाद अब डीएपी की मांग पूरी तरह से जोर पकड़ चुकी है। वहीं, कृषि विभाग ने डीएपी के वितरण के लिए कमर कस ली है। शुक्रवार को जिले के 80 खरीद केंद्रों पर डीएपी का वितरण किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे सिरसा खरीद केंद्रों पर आने के बजाय सोसायटी में जाएं।
सभी सोसायटियों को डीएपी खाद भेजी गई है। इससे जहां किसानों को शहर में आकर तंग नहीं होना पड़ेगा। वहीं, सोसायटी में आसानी से उन्हें खाद मिल जाएगी। कृषि विभाग की तरफ से वीरवार तक जिले में 41600 एमटी डीएपी का वितरण किया जा चुका है। विभाग के अधिकारियों की ओर से पास किए गए टोकन पर खाद दी जा रही है।
प्रत्येक किसान को आठ बैग तक दिए गए, ताकि किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े। सिरसा जिले के दो खरीद केंद्रों पर खाद का वितरण किया गया। डीएपी की कोई कमी जिले में नहीं है। स्टॉक के तौर पर अब तक 2700 एमटी डीएपी है। जबकि 1100 एमटी का रैक जल्द ही पहुंच जाएगा। ऐसे में जिले में डीएपी के लिए किसानों को परेशान नहीं होना पड़ेगा।
अब तक इस प्रकार रही है मंडियों में आवक
जिले की विभिन्न मंडियों में खरीद एजेंसियों की ओर से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 3,56,927 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। कुल आवक में से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से 1,66,012 एमटी, हैफेड की ओर से 1,52,787 एमटी और हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन की ओर से 38,128 एमटी खरीद की गई है। इसके साथ-साथ उठान प्रक्रिया भी तेजी से जारी है। अब तक 2,75,426 मीट्रिक टन धान का मंडियों से उठान हो चुकी है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मुकेश कुमार ने बताया कि बडागुढ़ा मंडी में 7,929 एमटी, डबवाली मंडी में 46,858 एमटी, कालांवाली मंडी में 93,538 एमटी, फग्गु मंडी में 10578 एमटी, रानियां मंडी में 15,551 एमटी, रोड़ी में 14,937 एमटी, सिरसा मंडी में 34,193 एमटी, सुरतिया मंडी में 8,216 एमटी, थिराज मंडी में 9307 एमटी, ओढां में 16,327 एमटी धान की खरीद दर्ज की गई, साथ ही जिला की अन्य मंडियों में भी धान की आवक जारी है। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि धान को सुखाकर मंडी में लेकर आए, ताकि जल्द खरीद की जा सके।
-
मंडियों में आढ़ती व्यवस्था बनाने में फेल
सिरसा मंडी में उठान नहीं होने का मुख्य कारण है कि आढ़तियों की ओर से ट्राॅलियां खाली करवाने के लिए कोई व्यवस्था नहीं बनाई गई है। आढ़ती अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं कर रहे हैं, इस कारण उठान तेजी से नहीं हो रही है। वहीं, धान लेकर आने वाले किसानों को जगह नहीं मिल रही है। मंडी के चारों ओर धान ही धान नजर आ रहा है। जबकि उठान रोड जाम होने के कारण तेजी से नहीं हो पा रही है।
-
जिले में डीएपी की कोई कमी नहीं है। किसानों से अपील है कि शुक्रवार को अपने एरिया के पैक्स सोसायटी में जाकर खाद ले सकता है। 80 खरीद केंद्रों पर खाद का वितरण किया जाएगा।
- अमित कुमार, क्यूसीआई, सिरसा।
सिरसा। मंडी में ट्रक पर बोरियां लदते हुए लेबर। संवाद