संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। सितंबर में लगातार डेंगू के मामले में इजाफा हो रहा है। हर रोज पांच से छह डेंगू के मामले मिल रहे हैं। बारिश के बाद स्वास्थ्य विभाग की परेशानी भी बढ़ गई है। विभाग की ओर से आने वाले 10 दिनों में डेंगू के मामलों में लगातार इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है। विभाग ने अपनी टीमों को अलर्ट कर दिया है। सोमवार को जिले में छह डेंगू के मामले मिले हैं। जिले में डेंगू पीड़ितों की संख्या 116 पहुंच गई है।
सोमवार को सिरसा शहर के अलग-अलग स्थानों पर पांच और रानियां में एक डेंगू पीड़ित मिला है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मरीजों के स्थान को ट्रेस कर उनके घर पर फॉगिंग करवाई है और संदिग्ध लोगों के सैंपल भी एकत्र किए हैं। आंकड़ों के अनुसार शहरी क्षेत्र में डेंगू के मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शहरी क्षेत्र में अब तक 77 और ग्रामीण क्षेत्रों में 39 के करीब मामले मिले हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की 50 टीमें अब दोबारा से सर्वे प्रक्रिया शुरू करेगी। इसके तहत डेंगू के लारवे की तलाश के लिए सार्वजनिक स्थानों, सरकारी कार्यालयों, गलियों में रखे हुए होद और पेड़ों पर लटके हुए स्कोरों, पुराने टायरों और कबाड़ी की दुकानों में रखे सामान की जांच की जाएगी।
बॉक्स
बीते वर्ष सितंबर में ही मिले थे डेंगू के 200 मामले
बारिश के बाद शहर में दो दिन से जलभराव की स्थिति बन हुई है। इसके चलते अब 10 दिन स्वास्थ्य विभाग के काफी परेशानी भरे होंगे। इन दिनों में ही मच्छरों का लारवा पनपेगा और अधिक लोग प्रभावित होंगे। अब तक जिले में 116 डेंगू के मामले मिल चुके हैं। इनमें से अधिक लोग स्वस्थ हो चुके हैं। बीते वर्ष सितंबर में ही करीब 200 डेंगू के मामले पाए गए थे।
ऐसे करें डेंगू से बचाव
घर के आसपास पानी जमा न होने दें।
कूलर का पानी सप्ताह में एक बार अवश्य बदले।
घर में कीटनाशक दवाई छिड़कें।
बच्चों को ऐसे कपड़े पहने जिससे उनके हाथ पांव पूरी तरह से ढके रहे।
सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें।
टंकियों और बर्तनों को ढक कर रखें।
गमलों व छत पर जमा सामान से पानी को साफ करें।
बॉक्स
ब्लड बैंकों में स्थिति सामान्य
स्वास्थ्य विभाग अब तक एक लाख के करीब घरों का सर्वे किया जा चुका है। लारवे मिलने पर करीब 1400 लोगों को नोटिस भी दिया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग निजी और सरकारी ब्लड बैंकों के साथ संपर्क किया हुआ है। शहर के नागरिक अस्पताल, शिव शक्ति ब्लड बैंक और डेरा सच्चा सौदा ब्लड बैंक अभी स्थिति सामान्य बताई जा रही है और प्लेट्लेट्स की भी नाम मात्र ही खपत हो रही है।
वर्जन
बारिश के बाद अब डेंगू के अधिक फैलने का खतरा बना हुआ है। इसके लिए टीमों को अलर्ट कर दिया गया है और लारवे की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। लोग घर और आसपास के क्षेत्र में पानी जमा न होने दे। वहां पर दवाई का छिड़काव करें। सरकारी और निजी ब्लड बैंक के साथ लगातार संपर्क में हैं। - डॉ. गोरव कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी, सिरसा।
डॉ. गोरव कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी, सिरसा।